रतनपुर में गैस सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, युवक गंभीर घायल, घर का सामान जलकर राख

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर। नगर के वार्ड क्रमांक 3 महामाईपारा कुंवरपार में गैस सिलेंडर में आग लगने के बाद हुए विस्फोट से एक बड़ा हादसा हो गया। हादसे में आग बुझाने पहुंचे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कच्चे मकान में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मयंक धीवर शाम के समय नया गैस सिलेंडर घर लाया था। रेगुलेटर लगाने के बाद उसने गैस चूल्हा जलाकर जांच की। इसी दौरान सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पास में रखे कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही देर में पूरे कच्चे मकान में फैल गई।
आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करने लगे। इसी दौरान सिलेंडर में तेज धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर कपिल यादव (लगभग 25 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर पर गंभीर चोट आई। घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया।
हादसे में घर में रखा फ्रिज, मोटरसाइकिल, कपड़े और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता और राहत प्रदान करने की मांग की है।