Blog

गुप्त नवरात्र हुआ प्रारंभ,मां महामाया मंदिर में घटस्थापना के साथ शुरू हुए धार्मिक अनुष्ठान

बिलासपुर ।धार्मिक नगरी रतनपुर स्थित सिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में आषाढ़ शुक्ल पक्ष की गुप्त नवरात्र बुधवार से श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ प्रारंभ हो गई। नवरात्र के प्रथम दिवस मंदिर में विधि-विधान से घटस्थापना कर विशेष पूजा-अर्चना की गई। इसके साथ ही गर्भगृह में मुख्य ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किया गया तथा दुर्गा सप्तशती पाठ सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई, जो 23 जुलाई तक निरंतर चलेंगे।
मंदिर में सुबह 8 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच घटस्थापना संपन्न हुई। नवरात्र के दौरान प्रतिदिन सुबह 6 बजे प्रभात आरती और शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन होगा। अष्टमी तिथि पर महाअष्टमी पूजन, हवन एवं पूर्णाहुति की जाएगी। वहीं गुप्त नवरात्र के समापन पर मां महामाया ट्रस्ट द्वारा कन्या भोज एवं सामूहिक प्रसाद वितरण का आयोजन किया जाएगा।
महामाया मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सतीश शर्मा ने बताया कि चैत्र और शारदीय नवरात्र की तरह आषाढ़ और माघ मास में भी गुप्त नवरात्र मनाई जाती है, लेकिन इसके बारे में अपेक्षाकृत कम लोगों को जानकारी होती है। उन्होंने कहा कि गुप्त नवरात्र विशेष रूप से शक्ति साधना और तंत्र उपासना के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
मान्यता है कि इस दौरान मां दुर्गा की आराधना से विशेष कृपा प्राप्त होती है तथा साधकों को आध्यात्मिक सिद्धियों की प्राप्ति होती है। गुप्त नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही मां महामाया मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है और पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *