मोबाइल पर बात करते पत्रकार से झपटा मोबाइल, स्कूटी सवार तीन बदमाश फरार
बिलासपुर। शहर में मोबाइल झपटमारी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस बार बदमाशों ने रात में पैदल जा रहे एक पत्रकार को निशाना बनाया है। मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे पत्रकार के हाथ से स्कूटी सवार तीन युवकों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर तारबाहर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लिंगियाडीह निवासी किशोर कुमार सिंह रात करीब साढ़े 10 बजे वह कार्यालय का काम खत्म कर जिला अस्पताल के सामने से पैदल
टहलते हुए ऑफिस की ओर जा रहे थे। इस दौरान वह अपने मोबाइल पर बात कर रहे थे। इसी बीच श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक की ओर से सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी में सवार तीन युवक उनके पीछे से आए। पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल छीन लिया। घटना इतनी तेजी से हुई कि वे संभल भी नहीं सके। इसके बाद तीनों आरोपी सीएमडी चौक की ओर तेज रफ्तार से फरार हो गए। स्कूटी का नंबर नहीं देख सके। हालांकि पीछे बैठा युवक नारंगी रंग का कपड़ा पहने हुए था। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी शिव टॉकीज चौक होते हुए टिकरापारा की ओर भागे हैं।