तेज रफ्तार कार बनी काल, घर के अंदर घुसकर मचाई तबाही……
जानलेवा हमले की नीयत से घर में घुसाई कार, आरोपी गिरफ्तार….
बिलासपुर । तारबाहर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक तेज रफ्तार कार ने एक घर के मुख्य गेट को तोड़कर अंदर तबाही मचा दी। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए, वरना बड़ी अनहोनी हो सकती थी। पुलिस ने जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल मामला 17 जुलाई की रात करीब 8 बजे का है। प्रार्थी संजय अग्रवाल अपने घर के बरामदे में मौजूद थे, तभी अचानक एक तेज रफ्तार कार (क्रमांक एमपी-04-सी एक्स -6273 अनियंत्रित होकर गेट तोड़ते हुए सीधे मकान के भीतर जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घर के दरवाजे और खिड़कियाँ चकनाचूर हो गईं। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि यह केवल दुर्घटना नहीं, बल्कि उन्हें जान से मारने का प्रयास था। यदि वे समय रहते वहां से नहीं हटते, तो उनकी जान भी जा सकती थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने देहरादून, उत्तराखंड के रहने वाले आरोपी आशीष तिवारी को धर दबोचा। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। फिलहाल आरोपी को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है और पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि आरोपी ने इस वारदात को किस मंशा के साथ अंजाम दिया।