Blog

लापता महिला का शव मिलने से गांव में दहशत,अमाली के उसी कुएं ने फिर ली एक जान

..

बिलासपुर । कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम अमाली में 55 वर्षीय महिला का शव कुएं में मिलने से पूरे गांव में शोक और चिंता का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों बाद उनका शव गांव के उसी कुएं से बरामद हुआ, जहां कुछ दिन पहले एक युवक की भी मौत हुई थी। मृतका की पहचान अघनिया बाई साहू 55 वर्ष, पिता चेतन राम साहू, निवासी ग्राम अमाली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार महिला 17 जुलाई की रात से लापता थीं। परिजनों ने बताया कि रात में उन्होंने घर का टीवी बंद किया और सोने चली गई थीं, लेकिन सुबह उठने पर वह घर में नहीं मिलीं। रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कोटा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसी बीच ग्रामीणों ने गांव के कुएं में एक शव दिखाई देने की
सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव बाहर बाहर निकलवाया और उसकी पहचान अघनिया बाई के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अघनिया बाई पिछले करीब 35 वर्षों से अपने मायके में रह रही थीं और उनकी मानसिक स्थिति भी सामान्य नहीं बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि महिला की मौत दुर्घटनावश कुएं में गिरने से हुई या यह आत्महत्या का मामला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा। लगातार दूसरी बार इसी कुएं में मौत की घटना सामने आने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश है। लोगों ने कुएं के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा पूरे मामले की गंभीर जांच कराने की मांग की है।पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *