Blog

एसएसपी रजनेश सिंह की दो टूक: परिजनों को बरगलाने वालों की भी जमानत कराएंगे रद्द,चौकीदार हत्याकांड; एसएसपी बोले : फरार नाबालिग पकड़े ही जाएंगे,भड़काने वालों पर भी चलेगा कानून

बिलासपुर।प्लेस ऑफ सेफ्टी विशेष गृह से चार किशोर अपचारियों के फरार होने और चौकीदार नरेंद्र कुमार खांडे की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार तीन अपचारियों की गिरफ्तारी जल्द होने का दावा किया है। बिलासपुर के एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि इस जघन्य घटना के बाद पुलिस ने पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई शुरू की। सरकंडा थाना में अपराध दर्ज कर विशेष टीमें कोरबा, रायगढ़, बिहार, अनूपपुर और उत्तर प्रदेश भेजी गईं। अब तक दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके है, जबकि शेष दो की तलाश में अहम सुराग मिले हैं और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद कुछ तथाकथित युवक मृतक के परिजनों को ऐसे आश्वासन और मांगों के लिए प्रेरित कर रहे हैं, जिनका कानून में कोई प्रावधान नहीं है। शासन की ओर से निर्धारित सहायता और मुआवजे की प्रक्रिया पहले दिन से ही शुरू कर दी गई है और इसकी पूरी जानकारी परिवार को दी जा चुकी है।

बॉक्स
पर्दे के पीछे से परिजनों को धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए उकसाने वालो पर होगी कार्रवाई

एसएसपी ने कहा कि इसके बावजूद कुछ लोग प्रत्यक्ष और पर्दे के पीछे से परिजनों को धरना-प्रदर्शन जारी रखने के लिए उकसा रहे हैं। ऐसे लोगों की जानकारी और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इनमें से कुछ लोग पहले से गंभीर आपराधिक मामलों में आरोपी हैं और जमानत पर बाहर हैं। ऐसे सभी मामलों का परीक्षण कर संबंधित न्यायालय में उनकी जमानत निरस्त कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा तथा उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी के मुताबिक पुलिस और जिला प्रशासन लगातार मृतक के परिजनों तथा धरनास्थल पर मौजूद लोगों से शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने और आंदोलन समाप्त करने की अपील कर रहे हैं।

बॉक्स
मृतक की पत्नी की तबियत बिगड़ी तो भर्ती किया गया

एसएसपी ने बताया कि 18 जुलाई को मृतक की पत्नी की तबीयत बिगड़ने पर एसडीएम के निर्देश पर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य ठीक नहीं पाए जाने पर अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी। प्रारंभिक अनिच्छा के बाद तहसीलदार और थाना प्रभारी सरकंडा की समझाइश पर उन्हें देर रात सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया।

बॉक्स
मृतक परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे

एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि बिलासपुर पुलिस और जिला प्रशासन घटना के पहले दिन से ही मृतक परिवार के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। साथ ही चौकीदार हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष, पारदर्शी और सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *