फरियादियों ने कलेक्टर से कहा’साहब,अब आपकी चौखट ही आखिरी उम्मीद है’,बिजली,पानी,सड़क और नहीं मिल रहा मुआवजा

कलेक्टर के पास कोई इंसाफ मांगने आया,कोई रोजगार, तो कोई मकान का मुआवजा
बिलासपुर। मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन सिर्फ शिकायतें सुनने का कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि यह जिले की जमीनी हकीकत का आईना बन गया। कोई सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग की शिकायत लेकर पहुंचा, तो कोई अपनी डूबी फसल बचाने की गुहार लगा रहा था। किसी दिव्यांग ने आत्मनिर्भर बनने के लिए तालाब मांगा, तो किसी का महीनों पहले आग में जल चुका घर आज भी मुआवजे का इंतजार कर रहा है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने एक-एक आवेदन ध्यान से सुना और अधिकांश मामलों में संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।
मस्तूरी विकासखंड के दर्राभांठा गांव के सरपंच ने रेशम पालन योजना के नाम पर सरकारी राशि के कथित दुरुपयोग का मामला उठाया। उनका आरोप था कि शासकीय भूमि पर संचालित योजना में वर्षों से अलग-अलग खातों के माध्यम से लाखों रुपये का गलत इस्तेमाल किया गया है। कलेक्टर ने मामले की जांच कराने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में एक ऐसा आवेदन भी आया जिसने सबका ध्यान खींचा। बाम्हू खैरा के दिव्यांग चंदन कुमार ने कहा कि वे शारीरिक रूप से अन्य काम करने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए घर के पास स्थित शासकीय तालाब में मत्स्य पालन की अनुमति देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया जाए। उन्होंने बताया कि पहले भी आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ।कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीबीजी संयंत्र बनने के बाद बरसाती पानी की निकासी बाधित
सेंदरी और कछार के किसानों ने संयुक्त आवेदन देकर बताया कि सीबीजी संयंत्र बनने के बाद बरसाती पानी की निकासी बाधित हो गई है। नतीजा यह है कि खेतों में जलभराव हो रहा है और फसलें बर्बाद हो रही हैं। किसानों ने स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग रखी।
शॉर्ट सर्किट से उनका पूरा मकान जलकर खाक
बेलगहना तहसील के बहरामुड़ा निवासी लक्ष्मण सिंह ने बताया कि जनवरी में शॉर्ट सर्किट से उनका पूरा मकान जलकर खाक हो गया था। मुआवजे के लिए आवेदन देने के बावजूद अब तक कोई आर्थिक सहायता नहीं मिली। उन्होंने प्रशासन से जल्द राहत राशि दिलाने की मांग की।
गणित शिक्षक की लंबे समय से खाली पद
धनगवां हाई स्कूल की शाला प्रबंधन एवं विकास समिति ने गणित शिक्षक की लंबे समय से खाली पद की ओर ध्यान दिलाया। समिति का कहना था कि शिक्षक नहीं होने से बच्चों की पढ़ाई और बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है।
बार-बार खराब हो रहे ट्रांसफॉर्मर और घंटों बिजली गुल रहने की समस्या
मंगला की दीनदयाल कॉलोनी के रहवासियों ने बार-बार खराब हो रहे ट्रांसफॉर्मर और घंटों बिजली गुल रहने की समस्या उठाई। वहीं सरकंडा की दिव्यांग बबीता यादव ने ट्राइसाइकिल की मांग की, जबकि अमेरी निवासी रोहित कुमार ने मोपका गौशाला में बंद अपनी गाय वापस दिलाने का आवेदन सौंपा।