Blog

सड़क नहीं, दलदल में जीने को मजबूर लोग,स्कूल जाने वाले बच्चों की जान पर खतरा,कलेक्टर से लगाई गुहार

जनदर्शन में फूटा गुस्सा, सड़क, नाली और कचरा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

बिलासपुर। ग्राम अमेरी के सतनाम नगर वार्ड क्रमांक-3 स्थित सांई नगर के रहवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। सोमवार को बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी जनदर्शन पहुंचे और कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सड़क, नाली और कचरा उठाव की गंभीर समस्या से अवगत कराया। लोगों ने आरोप लगाया कि वर्षों से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे बरसात में पूरा इलाका दलदल में तब्दील हो जाता है।


रहवासियों ने बताया कि सड़क पूरी तरह जर्जर है। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि इसी रास्ते से स्कूली बच्चे रोजाना गुजरते हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि क्षेत्र में नाली व्यवस्था भी बदहाल है। नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी और कचरा सड़क पर फैल जाता है, जिससे पूरे इलाके में गंदगी और दुर्गंध का माहौल बना रहता है। इसके अलावा कचरा उठाने के लिए नगर निगम की गाड़ी भी नहीं पहुंचती, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।
जनदर्शन में दिए गए आवेदन में रहवासियों ने मांग की है कि वार्ड क्रमांक-3 के सांई नगर में तत्काल पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए, नालियों की सफाई और निर्माण कराया जाए तथा नियमित कचरा उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।बिलासपुर में विकास के दावों की एक और तस्वीर सामने आई है। शहर से लगे सांई नगर में लोग सड़क नहीं, दलदल पर चलने को मजबूर हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों की जान जोखिम में है, नाली का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और कचरे के ढेर से बदबू फैल रही है। परेशान रहवासियों ने अब जनदर्शन में कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *