Blog

युवा कांग्रेस चुनाव में ‘भीतरघात’ का बवाल…कोरबा जिला अध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्ष पद के दावेदारों पर गंभीर आरोप

कोरबा । छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव के बीच भीतरघात के आरोपों ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी लक्ष्मीकांत कंवर और विधानसभा अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अंकित सिंह पाल के खिलाफ अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व को शिकायत भेजी गई है, जिसमें उन पर वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती दूलेश्वरी सिदार के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत में दावा किया गया है कि पाली-तानाखार विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी करीब 350 मतों के अंतर से चुनाव हार गई थीं, और इस हार के पीछे कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों की भूमिका रही। शिकायतकर्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष और राष्ट्रीय प्रभारी से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

नामांकन रद्द करने की मांग

शिकायत में यह भी अनुरोध किया गया है कि जांच पूरी होने तक दोनों प्रत्याशियों के नामांकन पर रोक लगाई जाए या संगठन के नियमों के तहत उनके नामांकन निरस्त करने पर विचार किया जाए। शिकायतकर्ता का दावा है कि आरोपों के समर्थन में दो ऑडियो रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं।

प्रदेश नेतृत्व की भूमिका पर नजर

इस विवाद के बाद अब निगाहें केवल अखिल भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व पर ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर भी टिक गई हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि क्या संगठन दतिया की तरह इस मामले में भी शिकायत की जांच कर अनुशासनात्मक कार्रवाई करेगा या आरोपित प्रत्याशियों को चुनाव लड़ने की अनुमति देगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *