Blog

रतनपुर NH-45 की जर्जर सड़क को लेकर छात्रों ने खोला मोर्चा, SDM को सौंपा ज्ञापन; 5 दिन का अल्टीमेटम

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

बिलासपुर।रतनपुर क्षेत्र में जर्जर हो चुकी NH-45 सड़क को लेकर अब छात्रों और जागरूक नागरिकों ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर के छात्रों एवं क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर कोटा एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।
बताया गया कि रतनपुर-पेंड्रा-गौरेला-मरवाही NH-45 मार्ग की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। खासकर रतनपुर दरगाह मार्ग, गांधीनगर से शासकीय महामाया महाविद्यालय तक की सड़क जगह-जगह जर्जर हो चुकी है। सड़क पर बने गड्ढों और खराब मार्ग के कारण आम राहगीरों, वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और कॉलेज छात्रों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने दिया 5 दिन का अल्टीमेटम
जर्जर सड़क से लगातार हो रही परेशानी को देखते हुए कॉलेज छात्रों ने जागरूक नागरिकों के साथ मिलकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने मांग की है कि सड़क की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए।
ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने प्रशासन को 5 दिवस का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
चक्का जाम की भी दी चेतावनी
छात्रों ने स्पष्ट किया कि ज्ञापन की प्रतिलिपि एसडीएम कार्यालय कोटा के साथ रतनपुर थाना एवं तहसील कार्यालय रतनपुर में भी दी गई है। सड़क की मरम्मत नहीं होने की स्थिति में आगामी दिनों में चक्का जाम सहित उग्र आंदोलन किया जा सकता है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी गंभीरता दिखाता है और NH-45 की जर्जर सड़क की मरम्मत कब तक शुरू होती है, या फिर क्षेत्रवासियों और छात्रों को इसी बदहाल सड़क पर आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से मानस ताम्रकार, आदित्य साहू, वंश ताम्रकार, पुरुषोत्तम कश्यप, दीक्षांश श्रीवास सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं जागरूक नागरिक शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *