Blog

रतनपुर थाना परिसर में शान से लहराया तिरंगा, शहीद नूतन सोनी की माता का किया सम्मान

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर रतनपुर थाना परिसर में देशभक्ति और गरिमा से परिपूर्ण वातावरण में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी और सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया।
इस दौरान पूरा थाना परिसर देशभक्ति के नारों और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा। पुलिसकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और संविधान के प्रति अपनी निष्ठा दोहराते हुए जनसेवा और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।


शहीद नूतन सोनी की प्रतिमा पर दी श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के बाद थाना प्रभारी निलेश पांडेय पुलिस स्टाफ के साथ नूतन चौक पहुंचे, जहां शहीद नूतन सोनी की प्रतिमा पर सलामी देकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद थाना प्रभारी शहीद नूतन सोनी के घर पहुंचे और उनकी माता जी से मुलाकात कर उन्हें मिष्ठान, शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
इस पहल के माध्यम से पुलिस विभाग ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान और संवेदना व्यक्त की। थाना प्रभारी की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना भी की गई।
अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा से पुलिसिंग पर जोर
थाना प्रभारी निलेश पांडेय ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि आम नागरिकों के मन में सुरक्षा और विश्वास की भावना पैदा करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों से ईमानदारी, अनुशासन और पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को हर परिस्थिति में कानून के प्रति अपनी निष्ठा कायम रखते हुए जिम्मेदारी से कार्य करना चाहिए।


नशामुक्त और भयमुक्त रतनपुर बनाने का संकल्प
थाना प्रभारी ने कहा कि रतनपुर को नशामुक्त और भयमुक्त नगर बनाने के लिए पुलिस के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अभिभावकों और नागरिकों से सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *