Blog

स्वतंत्रता दिवस पर बिलासपुर पुलिस के 83 अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित

एसएसपी ने कहा – आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है

बिलासपुर।80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन बिलासपुर स्थित चेतना हाल में बिलासपुर पुलिस के उत्कृष्ट एवं कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। समारोह में एसएसपी रजनेश सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 83 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह में पुलिस परिवार के सदस्यों की भी सहभागिता रही।

एसएसपी रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी वंदना सिंह के साथ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को सम्मानित किया। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहरी पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार आईपीएस सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान

सम्मानित पुलिसकर्मियों ने एयरपोर्ट सुरक्षा, न्यायालयीन कार्य, अपराधों के निराकरण, एनडीपीएस मामलों की विवेचना, डायल-112, सीसीटीएनएस संचालन, वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बीट सिस्टम, आसूचना संकलन, गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी, प्रशासनिक कार्य और पुलिस कंट्रोल रूम सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किया है।

डीएसपी पंकज अवस्थी को एयरपोर्ट सुरक्षा व्यवस्था एवं उच्च न्यायालय संबंधी दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया। निरीक्षक श्रीमती श्वेता मिश्रा गौरेहा को उच्च न्यायालय में गृह पुलिस विभाग से संबंधित न्यायालयीन कार्यों के उत्कृष्ट निर्वहन तथा निरीक्षक श्री प्रदीप आर्य को संपत्ति बरामदगी एवं अपराधों के निराकरण में बेहतर कार्य के लिए सम्मान मिला।इसी तरह निरीक्षक राहुल तिवारी को डायल-112 के सुव्यवस्थित संचालन में योगदान, उप निरीक्षक इन्द्रनाथ नायक एवं सहायक उप निरीक्षक विदेशी राम साहू को एनडीपीएस के दो प्रकरणों में उत्कृष्ट विवेचना कर आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

दायित्वों के बेहतर निर्वहन के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

आईजी बिलासपुर रेंज कार्यालय में सौंपे गए दायित्वों के बेहतर निर्वहन के लिए उप निरीक्षक संजय रावत एवं उप निरीक्षक शंकर कश्यप को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया। वहीं रीडर प्रथम शाखा एवं अपराध पर्यवेक्षण संबंधी कार्यों के लिए सहायक उप निरीक्षक गौरीशंकर बघेल, स्थापना शाखा एवं फंड सहायक के रूप में बेहतर कार्य के लिए उप निरीक्षक प्रांतिका भारद्वाज, अवकाश शाखा के उत्कृष्ट कार्य के लिए सहायक उप निरीक्षक वंदना कौशिक, सहायक लिपिक प्रथम के दायित्व के लिए सहायक उप निरीक्षक आदित्य शर्मा तथा रीडर द्वितीय शाखा एवं अपराध पर्यवेक्षण संबंधी कार्यों के लिए सहायक उप निरीक्षक मो. रमजान को सम्मानित किया गया।इसके अलावा निरीक्षक वाय. के. नाग, उप निरीक्षक पिल्लू राम मंडावी, सहायक उप निरीक्षक इन्दल पाटले, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में प्रधान आरक्षक, आरक्षक एवं महिला आरक्षकों को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इसके अलावा निरीक्षक वाय. के. नाग, उप निरीक्षक पिल्लू राम मंडावी, सहायक उप निरीक्षक इन्दल पाटले, सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र तिवारी सहित बड़ी संख्या में प्रधान आरक्षक, आरक्षक एवं महिला आरक्षकों को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

देशभक्ति गीतों से गूंजा पुलिस परिवार

सम्मान समारोह के दौरान पुलिस परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की प्रस्तुतियां दीं। गीत-संगीत के बीच पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया। पुलिस परिवार की प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया।
इस दौरान एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने भी गीत गायन में सहभागिता की और पुलिस परिवार के साथ आत्मीयता का परिचय दिया।

आपके बेहतर कार्य से मेरी वर्दी की शान बढ़ती है”

सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के बेहतर कार्य से न केवल बिलासपुर पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ती है, बल्कि “आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है।”
उन्होंने सभी सम्मानित अधिकारी-कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा, अनुशासन, तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस परिवार को बताया विभाग का अभिन्न अंग

एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ भी आत्मीयता से समय बिताया। उन्होंने सम्मानित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिवारजनों के साथ तस्वीरें खिंचवाई और पुलिस परिवार के सहयोग एवं योगदान की सराहना की।उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के कर्तव्य निर्वहन में उनके परिवारों का सहयोग महत्वपूर्ण होता है और पुलिस परिवार बिलासपुर पुलिस का अभिन्न अंग है।समारोह के अंत में एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बिलासपुर पुलिस के उज्ज्वल, सशक्त एवं बेहतर भविष्य की कामना की। स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन पुलिस परिवार के लिए सम्मान, देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और आपसी सौहार्द का अवसर बन गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *