चाकू की नोक पर लूट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार,3 नाबालिग भी हिरासत में

बिलासपुर। कोनी पुलिस ने कोनी-मोपका बायपास रोड पर चाकू की नोक पर हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं तीन नाबालिग बालकों को भी अभिरक्षा में लेकर बाल न्यायालय, बिलासपुर के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और नगदी समेत कुल 16,730 रुपये की संपत्ति बरामद करने का दावा किया है।
कोनी पुलिस के अनुसार 14 अगस्त को प्रार्थी बसंत कुमार मैहर, निवासी कटनी मध्यप्रदेश, अपने दोस्त के साथ कोनी-मोपका बायपास रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान कुछ आरोपियों ने उन्हें चाकू दिखाकर डराया और दो मोबाइल फोन तथा नगदी रकम लूटकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर कोनी थाने में अपराध दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी शहर पंकज कुमार पटेल एवं सीएसपी कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
विवेचना के दौरान संदेह के आधार पर राजेश सूर्यवंशी 19 वर्ष, दुर्गेश लोनिया 28 वर्ष और दुर्गेश लोनिया उर्फ दुर्गा 19 वर्ष सभी निवासी ग्राम बरपाली, थाना कोनी, को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और पहचान कार्रवाई के बाद आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर दो मोबाइल फोन तथा 230 रुपये नगद बरामद किए गए। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 16,730 रुपये बताई गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया, जबकि तीन नाबालिग बालकों को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।
पकड़े गए आरोपियों की कुंडली खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपियों की कुंडली भी खंगाली का रही है।आरोपियों के रिकॉर्ड को देखा जा रहा है।इसके लिए थाना और आसपास के लोगो से पूछताछ करने के अलावा उनके बारे में पड़ोसी जिले से भी जानकारियां ली जा रही है।ताकि पकड़े गए आरोपियों के बारे में कुछ पता चल सके।