चलती बस में झपटमारी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 7 महिलाओं समेत 9 गिरफ्तार

बिलासपुर । रतनपुर में चलती बस में झपटमारी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 7 महिलाओं समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी उठाईगिरी और झपटमारी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
दरअसल, 2 अगस्त को बांकीमोंगरा निवासी भगवान राम प्रधान अपनी पत्नी गीता प्रधान के साथ बिलासपुर से बस में सवार होकर घर लौट रहे थे। गीता प्रधान ने गले में सोने की चेन पहनी हुई थी। महामाया चौक से कुछ महिलाएं बस में सवार हुईं और भीड़ के बीच धक्का-मुक्की करते हुए गीता प्रधान को घेर लिया। शनिचरी चौक रतनपुर के पास महिलाएं बस से उतर गईं। बस खाली होने के बाद जब गीता प्रधान ने अपने गले को देखा तो सोने की चेन गायब थी।
शिकायत के बाद रतनपुर पुलिस ने महामाया चौक बिलासपुर और शनिचरी चौक रतनपुर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कोनकोना, थाना बांगो क्षेत्र के रहने वाले लोगों के रूप में हुई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर 7 महिलाओं और 2 पुरुषों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने एकजुट होकर महिला को धक्का-मुक्की में घेरकर चेन चोरी करने की बात कबूल की। पुलिस के अनुसार, चोरी की चेन 20 हजार रुपये में गिरोह की एक अन्य महिला को बेचने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 हजार रुपये जब्त किए हैं और सभी 9 आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में फरार एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा के तहत भी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्र.आर. बलदेव सिंह, आरक्षक अखिलेश पारकर, मोरदध्वज चन्द्रा और महिला आरक्षक अंजेला खलखो का विशेष योगदान रहा।