एनएच 45 की बदहाली पर कांग्रेस का अनोखा विरोध… सड़क पर रोपा धान

बिलासपुर।रतनपुर एनएच-45 पर अधूरे पुल, निर्माणाधीन सड़क और बारिश के बाद दलदल में तब्दील हुए बाईपास को लेकर कांग्रेस ने सरकार और संबंधित विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। क्षेत्रीय विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क की बदहाली के विरोध में अनोखे अंदाज में प्रदर्शन करते हुए कीचड़ से भरे मार्ग पर धान की रोपाई की। बारिश के बाद एनएच-45 की स्थिति बेहद खराब हो गई है। अधूरे पुल और वैकल्पिक मार्ग के रूप में बनाए गए बाईपास में पानी भरने तथा कीचड़-दलदल होने से भारी वाहन फंस रहे हैं। इसके चलते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और यात्रियों एवं वाहन चालकों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर वाहन फंसे रहने से करीब 48 घंटे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
सड़क नहीं, खेत बन गया एनएच-45 – धान रोपकर जताया विरोध
सड़क की बदहाली को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कीचड़ से लथपथ सड़क पर बाकायदा धान रोपकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि एनएच-45 की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि सड़क अब सड़क नहीं, बल्कि खेत जैसी नजर आ रही है। इसी स्थिति को प्रतीकात्मक रूप से दिखाने के लिए सड़क पर धान की रोपाई की गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग में निर्माण कार्य की धीमी गति और कथित लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।अधूरे पुल और खराब बाईपास के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अधूरे पुलों का निर्माण जल्द पूरा करने, सड़क निर्माण में तेजी लाने और बाईपास को तत्काल आवागमन योग्य बनाने की मांग की।
सड़को की बदहाली से रोजाना हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही
कांग्रेस ने कहा कि एनएच-45 क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसकी बदहाली से रोजाना हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। विधायक अटल श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन और संबंधित निर्माण एजेंसी से तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।अगर यह नहीं हुआ तो फिर से आंदोलन किया जाएगा।कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र एवं व्यापक किया जाएगा।
धान रोपकर किया गया यह अनोखा विरोध प्रदर्शन
अब एनएच-45 की बदहाली और निर्माण कार्य की धीमी गति को लेकर प्रशासन के सामने एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।कांग्रेस ने इस तरह का अनोखा प्रदर्शन करके सरकार और रोड बनाने वाली कंपनी को एक चेतावनी दी है।अगर सड़को को जल्दी से नहीं बनाया गया और सुधार कार्य नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर भव्य आंदोलन किया जायेगा।