14 साल की वायरल सिंगर गर्ल’ कनक साहू सजाएंगी सुरों की महफिल…
22 अगस्त को होगा
ट्रिब्यूट टू द लीजेंडरी सिंगर्स

बिलासपुर। महज 14 साल की उम्र में अपनी सुरीली आवाज से पहचान बनाने वाली कनक साहू अब बिलासपुर में भारत के महान और दिग्गज गायकों को अपनी आवाज के जरिए श्रद्धांजलि देने जा रही हैं। केएम प्रोडक्शन एवं कनक मेलोडी ग्रुप के बैनर तले आगामी 22 अगस्त को लखीराम ऑडिटोरियम में
ट्रिब्यूट टू द लीजेंडरी सिंगर्स का भव्य आयोजन होगा। शाम 6:30 बजे से रात 11:30 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कनक के साथ स्थानीय कलाकार लाइव बैंड परफॉर्मेंस देंगे।

*6 साल की उम्र से शुरू किया गायन का सफर*
कक्षा 9वीं की छात्रा कनक साहू ने महज 6 साल की उम्र में गायन शुरू किया था। पिता योगानंद साहू से उन्हें संगीत की प्रेरणा मिली। उनके पिता खुद किशोर कुमार के गीत गाया करते थे और यही गीत बचपन से कनक को बेहद पसंद थे। धीरे-धीरे कनक ने विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया और अपनी प्रतिभा के दम पर कई मंचों पर पहचान बनाई। कनक के अनुसार, उनके लिए संगीत केवल शौक नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने का माध्यम है।
*‘वायरल सिंगर गर्ल’ के नाम से बनी पहचान*
कनक साहू की आवाज को सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके सोशल मीडिया चैनल पर करीब 6 करोड़ व्यूज और 85 हजार फॉलोवर्स हैं। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता के चलते उन्हें ‘वायरल सिंगर गर्ल’ के नाम से पहचान मिली है। कनक की प्रतिभा को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें 26 जनवरी और 15 अगस्त के जिला स्तरीय परेड कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ गीत प्रस्तुत करने का अवसर भी दिया। कनक के मुताबिक, 27 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी प्रस्तुति को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया था। कनक साहू ने बताया कि वह वर्ष 2022 में सीजी आइडल 2023 में वॉइस ऑफ छत्तीसगढ़ और 2024 में छत्तीसगढ़ रत्न अवार्ड से सम्मानित हो चुकी हैं। कनक का सपना सिर्फ बॉलीवुड में एक सफल सिंगर बनने का नहीं है। वह छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोकगीत और छत्तीसगढ़ की संगीत विरासत को आगे बढ़ाना चाहती हैं। उनका मानना है कि अपनी मिट्टी के गीतों को बड़े मंच तक पहुंचाना भी एक कलाकार की जिम्मेदारी है।
कनक म्यूजिकल ग्रुप के माध्यम से इतना बड़ा आयोजन होने पर मुझे गर्व और खुशी
कनक साहू ने फिल्मी गीत “जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं…” गाकर सुनाया। कनक की सुरीली आवाज ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कनक ने कहा कि भारत के महान सिंगर्स को श्रद्धांजलि और नमन करने का यह अवसर मेरे लिए बेहद खास है। मेरे नाम से कनक म्यूजिकल ग्रुप के माध्यम से इतना बड़ा आयोजन होने पर मुझे गर्व और खुशी है।
*पिता योगानंद बोले- बेटी ने बढ़ाया मेरा मान*
सिंगर कनक के पिता योगानंद साहू ने कहा कि आज उनकी पहचान उनकी बेटी की वजह से और भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि उनका 6 वर्षीय बेटा भी गायन करता है और ऑक्टोपैड बजाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने दोनों बच्चों की प्रतिभा पर गर्व है।
कार्यक्रम के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रकाश बहरानी ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। अन्य महान गायकों के सदाबहार गीतों को अपनी आवाज देंगी। 22 अगस्त की शाम बिलासपुर में न सिर्फ सुरों की महफिल सजेगी, बल्कि एक 14 वर्षीय प्रतिभाशाली गायिका अपने संगीत के सफर का एक और यादगार अध्याय लिखेगी।