Blog

बिलासपुर की सड़कों पर नियमों की उड़ी धज्जियां,बाइक पर 5 छात्र कर रहे स्टंट

स्कूटी पर 5 सवारी, नंबर प्लेट पर सरकार

बिलासपुर। शहर की सड़कों पर दोपहिया वाहनों से खतरनाक स्टंट और ओवरलोडिंग का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे एक ही बाइक पर पांच-पांच की संख्या में सवार होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। नियमों की अनदेखी कर तेज रफ्तार में वाहन चलाने से हादसे का खतरा बढ़ गया है।

तितली चौक पर स्कूटी में पांच सवार

तितली चौक पर एक स्कूटी में पांच युवक सवार दिखाई दिए। रेलवे स्टेशन की ओर से आकर वे तेज रफ्तार में बुधवारी बाजार की तरफ जा रहे थे। एक वाहन पर इतनी सवारियां होने से किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।

स्कूल ड्रेस में खतरनाक स्टंट

इमलीपारा रोड पर स्कूल यूनिफॉर्म पहने पांच नाबालिग एक बाइक पर नजर आए। इनमें से दो बच्चे बाइक के दोनों तरफ खड़े होकर स्टंट करते दिखाई दिए। छुट्टी के बाद सड़क पर इस तरह की लापरवाही का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नंबर प्लेट की जगह लिखा धार्मिक नाम

तेलीपारा रोड पर एक बुलेट की नंबर प्लेट की जगह ‘जय महाकाल’ लिखा मिला। वहीं साइंस कॉलेज के पास एक अन्य बाइक की आगे की नंबर प्लेट टूटी हुई थी, जबकि पीछे नंबर प्लेट की जगह काली प्लेट लगी थी।

हाईकोर्ट भी जता चुका है नाराजगी

सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी, बर्थडे सेलिब्रेशन और सड़क पर केक काटने के मामलों पर बिलासपुर हाईकोर्ट पहले ही सख्त रुख अपना चुका है। कोर्ट ने स्टंट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जरूरत बताई थी, ताकि ऐसे मामलों पर रोक लगे और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। राज्य शासन ने भी लोगों में यातायात नियमों और सिविक सेंस को लेकर जागरूकता बढ़ाने की बात कही है।

स्टंटबाजों पर होगी कार्रवाई

एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बिना नंबर प्लेट या नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों के खिलाफ शुक्रवार से विशेष अभियान चलाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *