आदतन बदमाशों पर तोरवा पुलिस की कार्रवाई,तीन आरोपी जेल भेजे गए, तोरवा पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
बिलासपुर। असामाजिक तत्वों और आदतन बदमाशों के खिलाफ तोरवा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। 23 अगस्त 2026 की दोपहर थाना क्षेत्र में पुलिस ने आदतन बदमाशों की चेकिंग की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त होने की सूचना पर तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दीपक निर्मलकर (32), निवासी देवरीखुर्द तोरवा, ईशरू ध्रुव (24) और आकाश तांबे (23), दोनों निवासी देवरीडीह, सोनू पान ठेला के पास, तोरवा शामिल हैं।
पुलिस को थाना क्षेत्र के कुछ आदतन बदमाशों के वर्तमान में भी संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिल रही थी। इसके बाद तोरवा पुलिस ने क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध बदमाशों की धरपकड़ की। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीनों को जेल भेज दिया गया।
वहीं, एक अन्य आदतन बदमाश समीर वर्मन के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा न्यायालय में पेश किया गया है।
तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आदतन बदमाशों की निगरानी और चेकिंग लगातार जारी रहेगी।