Blog

हर वार्ड में घर-घर पहुंच रहे कांग्रेसी, बिल का ले रहे हिसाब..कांग्रेस का दावा- स्मार्ट मीटर लगा तो बढ़ गया बिजली बिल

बिलासपुर। स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का विरोध अब सड़कों से निकलकर लोगों के घरों तक पहुंच गया है। छत्तीसगढ़ के साथ ही बिलासपुर के अलग-अलग वार्डों में कांग्रेस नेता और पार्षद घर-घर जाकर लोगों से स्मार्ट मीटर से जुड़ी जानकारी जुटा रहे हैं। इसके लिए लोगों को एक फॉर्म दिया जा रहा है, जिसमें स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिल में हुए बदलाव की जानकारी ली जा रही है।


कांग्रेस नेताओं का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिल में बढ़ोतरी हुई है। पार्टी इसी दावे की हकीकत जानने के लिए वार्ड स्तर पर सर्वे कर रही है। लोगों से पुराने और नए बिजली बिल की जानकारी लेने के साथ यह भी पूछा जा रहा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली खर्च में कितना अंतर आया है।
कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाना अनिवार्य नहीं होने की बात कही जाती है, लेकिन नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि सर्वे के आंकड़े सामने आने के बाद सरकार के सामने वास्तविक स्थिति रखी जाएगी। उनका आरोप है कि स्मार्ट मीटर के कारण आम उपभोक्ताओं पर बिजली बिल का अतिरिक्त बोझ बढ़ रहा है।
कांग्रेस ने सरकार की महतारी वंदन योजना को लेकर भी तंज कसा है। नेताओं का कहना है कि एक तरफ सरकार महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये दे रही है और दूसरी तरफ स्मार्ट मीटर के जरिए लोगों से दो हजार रुपये तक ज्यादा वसूले जाने का आरोप सामने आ रहा है।
हालांकि, बिजली बिल बढ़ने के कांग्रेस के दावों की वास्तविकता सर्वे और आधिकारिक आंकड़े सामने आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का घर-घर अभियान राजनीतिक मुद्दे को और गरमा रहा है।

घर-घर जनअभियान शुरू, भरवाए जा रहे हैं शिकायतों के फॉर्म

स्मार्ट मीटर, बढ़ी हुई बिजली की दरें, बिजली कटौती, बेतहाशा बढ़े हुए बिजली बिल और अन्य बिजली की शिकायतों को लेकर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश अनुसार एवं बिलासपुर शहर जिला अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा के मार्गदर्शन में कांग्रेस का वार्ड स्तर पर जनअभियान गति पकड़ चुका है।इसके अलावा ब्लॉक क्रमांक 2 के वार्ड 30 प. मुन्नूलाल शुक्ल नगर एवम 35 नागोराव शेष नगर में अभियान चलाया गया। इस दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की आपत्तियां के संबंधित फार्म भरवाये गए।

घर-घर और व्यापारिक प्रतिष्ठान पहुंचकर दर्ज करवाई गई आपत्तियां

अभियान के कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं से संपर्क किया, जिन घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं उनके अत्यधिक बिल एवं स्मार्ट मीटर हटाने की मांग को लेकर एवं जिन उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर नहीं लगाए गए हैं वहां नहीं लगाने की मांग को लेकर फार्म भरवाये गए।
स्मार्ट मीटर को लेकर कांग्रेस का अभियान केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, इसमें उपभोक्ताओं से लिखित रूप में आपत्तियां एकत्रित की जा रही हैं।
स्मार्ट मीटर की कार्यप्रणाली , पुराने एवं नए मीटर की बिलिंग व्यवस्था तथा उपभोक्ताओं की वास्तविक शिकायतों की तकनीकी एवं पारदर्शी रूप से जांच करना आवश्यक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *