Blog

बिलासपुर से इंदौर तक दौड़ेगी वंदे भारत ट्रेन

बिलासपुर।बिलासपुर से इंदौर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलायी जाएगी। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने योजना का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया है। खास बात यह है कि अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो यात्रियों को नागपुर में ट्रेन बदलने के झंझट से छुटकारा मिल जाएगा।

दरअसल, बिलासपुर और इंदौर के बीच सीधी वंदे भारत ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। यात्रियों को फिलहाल इंदौर जाने के लिए नागपुर तक सफर करने के बाद दूसरी ट्रेन से कनेक्टिविटी लेनी पड़ती है। इस दौरान ट्रेन बदलने के साथ-साथ समय की परेशानी भी सामने आती है। इसी समस्या को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने दो मौजूदा वंदे भारत ट्रेनों को मिलाकर बिलासपुर से इंदौर के बीच सीधी सेवा शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। प्रस्तावित ट्रेन बिलासपुर-नागपुर और इंदौर-नागपुर- वंदे भारत के संचालन को आपस में समायोजित किया जायेगा है। योजना के मुताबिक बिलासपुर और इंदौर के बीच सप्ताह में छह दिन सीधी वंदे भारत सेवा उपलब्ध कराने की तैयारी है। शनिवार को यह सेवा नहीं होगी। मौजूदा ट्रेनों के फेरे और दिन भी इस तरह बदले जाएंगे कि दोनों दिशाओं में यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिल सके। हालांकि नई वंदे भारत को रास्ता देने के लिए कुछ दूसरी ट्रेनों के परिचालन समय में मामूली बदलाव का प्रस्ताव भी रखा गया है।
प्रस्ताव के मुताबिक एर्नाकुलम-बिलासपुर एक्सप्रेस और तिरुनेलवेली-बिलासपुर एक्सप्रेस को भंडारारोड स्टेशन पर करीब 10 मिनट रोका जा सकता है। वहीं एलटीटी-शालीमार एक्सप्रेस को गगाझरी स्टेशन पर करीब 10 मिनट डिटेन करने का प्रस्ताव है। इसके अलावा कुछ अन्य ट्रेनों के समय में भी मामूली बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल यह पूरा प्लान रेलवे बोर्ड की मंजूरी पर निर्भर है। बोर्ड से हरी झंडी मिलते ही बिलासपुर और इंदौर के बीच सीधी वंदे भारत सेवा शुरू करने की दिशा में आगे की प्रक्रिया पर काम होगा । यानी प्रस्ताव मंजूर हुआ, तो बिलासपुर के यात्रियों के लिए इंदौर का सफर और आसान होगा। नागपुर में ट्रेन बदलने की मजबूरी खत्म होगी और सप्ताह में छह दिन सीधे वंदे भारत से बिलासपुर से इंदौर तक सफर का रास्ता खुल जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *