Blog

चैंपियन बेटी का भव्य स्वागत

बिलासपुर। शहर की बेटी और राष्ट्रीय स्तर की तैराक शिवांगिनी पांडेय ने नेशनल एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में दो पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। लौटने पर शिवांगिनी का रविवार को यहाँ रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। जयघोष के बीच स्टेशन परिसर देशभक्ति और खेल भावना से सराबोर नजर आया।

दरअसल भुवनेश्वर मे खेली गई 52वीं जूनियर नेशनल एक्वेटिक्स चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर की राष्ट्रीय तैराक शिवांगिनी पांडेय ने छत्तीसगढ़ के लिए दो पदक जीते हैं। शिवांगिनी ने 100 मीटर और 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा में ब्रॉन्ज और सिल्वर मेडल हासिल कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। रविवार को ट्रेन से बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां उनका भव्य और यादगार स्वागत किया गया। तैराकी संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी, परिजन और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे थे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, फूलों की बारिश और “भारत माता की जय” के साथ “शिवांगिनी पांडेय जिंदाबाद” के नारों के बीच राष्ट्रीय खिलाड़ी का अभिनंदन किया गया। बिलासपुर कॉर्पोरेशन तैराकी संघ के अध्यक्ष हेमंत सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने शिवांगिनी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। शिवांगिनी की इस सफलता ने जिले के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की नई प्रेरणा दी है। लगातार मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने वाली शिवांगिनी पांडेय ने साबित कर दिया है कि बिलासपुर की प्रतिभाएं अब देशभर में अपनी चमक बिखेर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे शहर में खुशी और गर्व का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *