Blog

प्रदेश में चमका जीपीएम का लोक हुनर…..11 लोक कलाकारों को मिला “लोकधरा गौरव सम्मान-2026”

रायपुर में हुआ प्रदेश स्तरीय सम्मान समारोह, लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में योगदान के लिए कलाकार हुए सम्मानित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही- छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और लोक परंपराओं को अपने हुनर के माध्यम से जीवंत रखने वाले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के 11 लोक कलाकारों को राजधानी रायपुर में आयोजित प्रदेश स्तरीय “लोकधरा गौरव सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया। प्रदेश स्तर पर जिले के कलाकारों को मिले इस सम्मान से जीपीएम जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।

छत्तीसगढ़ प्रदेश लोक कलाकार कल्याण संघ द्वारा रायपुर के सत्संग भवन, पुरानी बस्ती में आयोजित “लोकधरा गौरव सम्मान समारोह-2026” में प्रदेशभर से पहुंचे लोक कलाकारों को उनकी कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

वर्षों की साधना और योगदान का मिला सम्मान

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले से सम्मानित किए गए कलाकारों का चयन लोककला, संगीत, नृत्य, रंगकला, लोक साहित्य एवं पारंपरिक संस्कृति के क्षेत्र में उनके लंबे समय से किए जा रहे योगदान के आधार पर किया गया। चयन प्रक्रिया जिला अध्यक्ष आशा कौशिक एवं प्रदेश अध्यक्ष गुरुदास मानिकपुरी के मार्गदर्शन में पूरी की गई।

“लोककला हमारी संस्कृति की आत्मा, कलाकार उसका गौरव”

समारोह की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने लोक कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोककला हमारी संस्कृति की आत्मा है और कलाकार उसका गौरव हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में कलाकारों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कलाकार अपनी प्रतिभा के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। लोककला हमारी पहचान है और इसे संजोना तथा कलाकारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

समारोह में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल, छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन, लोक गायिका आरू साहू, लोक कलाकार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष गुरुदास मानिकपुरी, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश गुप्ता एवं प्रदेश सचिव हृदय अनंत सहित विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में लोक कलाकार उपस्थित रहे।

जीपीएम के इन 11 कलाकारों को मिला सम्मान

आशा कौशिक (जिला अध्यक्ष), ईश्वर पडवार, राम सिंह परतोती, उमर पोर्ते, शैलेश कुमार सोनी,
बेसाहन सिंह टेकाम, घनश्याम पंत, जुगेश्वर बसंत, धर्मेंद्र कौशिक, कौशल भरिया, प्रदीप पनरिया एवं को “लोकधरा गौरव सम्मान-2026” से सम्मानित किया गया।

जिले के लिए गौरव की उपलब्धि

एक ही जिले के 11 लोक कलाकारों को प्रदेश स्तरीय सम्मान मिलना गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के लिए बड़ी उपलब्धि और गौरव का विषय है। इन कलाकारों ने अपनी कला, प्रतिभा और वर्षों की साधना के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

सम्मान प्राप्त करने वाले सभी कलाकारों को जिले के लोक कलाकारों, कला प्रेमियों एवं शुभचिंतकों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कलाकारों ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति केवल कला नहीं, बल्कि हमारी पहचान और हमारी विरासत है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *