Blog

इंटेलिजेंट पब्लिक स्कूल पहुंच मार्ग का खस्ता हाल, गड्ढों और दलदल के बीच स्कूल पहुंच रहे बच्चे,दो साल पहले स्वीकृत सीसी रोड अब तक अधूरी, ठेकेदार की लापरवाही और नगर प्रशासन की उदासीनता पर उठे सवाल

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। नगर पालिका रतनपुर क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 2 गांधीनगर में मुख्य सड़क से इंटेलिजेंट पब्लिक स्कूल तक जाने वाला पहुंच मार्ग इन दिनों बदहाल स्थिति में है। कच्ची सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ व दलदल की स्थिति निर्मित हो गई है, जिसके चलते स्कूली बच्चों सहित स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बरसात के दिनों में सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। कई स्थानों पर रास्ता इतना खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है।


दो साल पहले हुआ था सीसी रोड का ठेका
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर पालिका रतनपुर द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व इस मार्ग पर सीसी रोड एवं नाली निर्माण का ठेका दिया जा चुका है, लेकिन निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं हो सका है। नाली और सीसी रोड का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है। लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य को पूरा करने में रुचि नहीं दिखाई जा रही है, वहीं नगर प्रशासन की ओर से भी इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सड़क की समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार मौखिक एवं लिखित शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में नगर प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
सड़क की चौड़ाई पर भी उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि उक्त मार्ग पर कई स्थानों पर बिना निर्धारित मापदंड के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। इससे सड़क की चौड़ाई लगातार कम होती जा रही है। लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर रास्ते की जमीन पर अतिक्रमण की वजह से आवागमन प्रभावित हो रहा है।
इसी मार्ग से चांपी जलाशय से निकलने वाली एप्रोच नहर भी गुजरती है, जिस पर भी कथित रूप से अतिक्रमण किए जाने की बात सामने आ रही है। यदि समय रहते इसकी जांच और कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले समय में रास्ता और अधिक संकरा होने की आशंका है।
सीएमओ ने जल्द कार्य शुरू कराने का दिया आश्वासन
इस संबंध में नगर पालिका रतनपुर के सीएमओ सुख सागर खुटे से चर्चा की गई। उन्होंने जल्द ही सड़क एवं संबंधित निर्माण कार्य प्रारंभ करवाने की बात कही है।
अब देखने वाली बात होगी कि नगर प्रशासन इस बदहाल मार्ग की समस्या का समाधान कब तक करता है और स्कूली बच्चों को कब तक सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल पाती है। फिलहाल बारिश के मौसम में बच्चों और स्थानीय लोगों की परेशानी लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर पालिका प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए अधूरे सीसी रोड एवं नाली निर्माण को शीघ्र पूरा कराए, साथ ही सड़क की चौड़ाई में बाधा बन रहे अतिक्रमण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *