Blog

रात्रि सरप्राइज चेकिंग में सिरगिट्टी पुलिस की बड़ी कार्रवाई…. तलवार-चाकू के साथ 6 बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर – शहर में बढ़ती चाकूबाजी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने सिरगिट्टी पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में रात्रि सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। गणेश नगर, नयापारा, चुचुहियापारा और तिफरा समेत अन्य क्षेत्रों में पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और गुंडा-बदमाशों की सघन जांच की। इस दौरान धारदार हथियार रखने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक तलवार और पांच चाकू बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, चेकिंग अभियान के दौरान करीब 40 से 50 संदिग्ध व्यक्तियों एवं गुंडा-बदमाशों की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान अलग-अलग स्थानों पर छह लोगों के पास धारदार हथियार मिले।

पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में विकास सिंह 32 वर्ष, निवासी कंचन विहार, प्रमोद कुर्मी 26 वर्ष, निवासी नयापारा, अनिकेत नेताम 24 वर्ष और लक्की नेताम 22 वर्ष, दोनों निवासी नयापारा, राम नायक 18 वर्ष, निवासी सिलपहरी तथा रोहित तांडी 34 वर्ष, निवासी महिमानगर शामिल हैं। इसी अभियान के दौरान पुलिस ने एक अन्य गंभीर चोट के मामले में फरार चल रहे आरोपी रोहित धुरी 36 वर्ष, निवासी बन्नाकडीह को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस उसे संबंधित प्रकरण में पूछताछ के लिए थाना लेकर पहुंची और आगे की कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में असामाजिक तत्वों और हथियार लेकर घूमने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करना है। पुलिस ने देर रात नशाखोरी और संदिग्ध गतिविधियों वाले स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई है। सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में चाकूबाजी, हथियारबाजी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। पुलिस की रात्रिकालीन चेकिंग से असामाजिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *