Blog

पुरानी उधारी बनी खूनी दुश्मनी, युवक पर चाकू-ब्लेड से ताबड़तोड़ वार, सिर-गर्दन और सीने में गंभीर चोटें, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

बिलासपुर । सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुरानी रकम के लेनदेन को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो युवकों ने मिलकर एक युवक पर चाकू और ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, गर्दन, बाएं हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में मिले घायल को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल ब्लेड बरामद किया है, जबकि दूसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है। मिली जानकारी के अनुसार राजीव गांधी चौक के पास मंझवापारा निवासी राजा महिलांगे ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि रविवार रात करीब 12:45 बजे उसके बुआ के बेटे सूरज कोसले ने फोन कर जानकारी दी कि प्रेम डाहिरे और उदय चक्रधारी ने उसके साथ मारपीट की है और वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहा है। सूचना मिलते ही राजा थाने पहुंचा, जहां सूरज खून से लथपथ मिला। इसके बाद उसे तत्काल सिम्स ले जाया गया।
घायल सूरज ने पुलिस को बताया कि वह कुम्हारपारा रोड स्थित अपना मार्ट के सामने था। इसी दौरान प्रेम डाहिरे और उदय चक्रधारी वहां पहुंचे और पुरानी उधारी की रकम को लेकर विवाद करने लगे। रकम नहीं मिलने से नाराज दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू और ब्लेड से लगातार हमला किया गया। घायल के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर प्रेम डाहिरे 24 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त ब्लेड बरामद कर जब्त किया गया। वहीं दूसरा आरोपी उदय चक्रधारी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *