डीजीसीए की हरी झंडी के बाद चकरभाठा एयरपोर्ट से उड़ानें फिर शुरू, शनिवार देर रात रनवे से हटाया गया क्षतिग्रस्त विमान, इंजीनियर कर रहे तकनीकी जांच; एलायंस एयर को करीब दो करोड़ का नुकसान
बिलासपुर। चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट के रनवे से क्षतिग्रस्त विमान हटाए जाने के बाद रविवार से उड़ानों का संचालन सामान्य रूप से शुरू हो गया। शनिवार देर रात रनवे पर खड़े विमान को सुरक्षित तरीके से हटाया गया। इसके बाद डीजीसीए की टीम ने रनवे का बारीकी से निरीक्षण किया और उसे विमानों के संचालन के लिए उपयुक्त पाया। अनुमति मिलने के बाद निर्धारित उड़ानों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया गया।
दरअसल, 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची एलायंस एयर की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान टायर फट गया था। टायर बर्स्ट होने के साथ विमान का एक्सल भी क्षतिग्रस्त हुआ था। हादसे के बाद विमान को रनवे पर ही रोकना पड़ा, जिससे उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। शनिवार देर रात क्षतिग्रस्त विमान को रनवे से हटाए जाने के बाद एयरपोर्ट पर परिचालन बहाल करने की प्रक्रिया शुरू हुई।
एलायंस एयर की तकनीकी टीम ने शुरू की जांच
घटना की तकनीकी जांच के लिए एलायंस एयर के 9 इंजीनियरों की टीम बिलासपुर पहुंची थी। इनमें से तीन इंजीनियर प्रारंभिक जांच के बाद लौट चुके हैं, जबकि शेष तकनीकी टीम विमान और घटना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट डीजीसीए को सौंपी जाएगी।
प्रारंभिक तौर पर रनवे की सतह को लेकर भी आशंकाएं सामने आई थीं। विशेषज्ञ यह भी जांच कर रहे हैं कि इमरजेंसी ब्रेक के अत्यधिक दबाव के कारण टायर फटा या रनवे पर मौजूद किसी नुकीले कंकड़ अथवा अन्य वस्तु के कारण टायर को नुकसान पहुंचा। हालांकि, हादसे का वास्तविक कारण विस्तृत तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।
टायर और एक्सल क्षतिग्रस्त होने से एलायंस एयर को करीब दो करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान बताया जा रहा है।
सितंबर में नए रूट और स्लॉट पर होगी बैठक
इस बीच बिलासपुर से हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में भी उम्मीदें बनी हुई हैं। सितंबर में देशभर के रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम (आरसीएस) एयरपोर्ट के स्लॉट आवंटन को लेकर नई दिल्ली में विमानन कंपनियों की बैठक प्रस्तावित है।
वर्तमान में चकरभाठा एयरपोर्ट से चार रूटों पर उड़ानों का संचालन हो रहा है। बिलासपुर से भुवनेश्वर, हैदराबाद और मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही है। माना जा रहा है कि आगामी बैठक में इन रूटों पर संभावनाओं के साथ नई विमानन कंपनियों के बिलासपुर से संचालन शुरू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हो सकती है।