Blog

चाकू लेकर महिला के घर पहुंचा युवक, जान से मारने की धमकी, दरवाजा पीटकर गाली-गलौज और तोड़फोड़, चाकू लहराते हुए महिला पर हमले का प्रयास

बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर महिला के घर पहुंच गया और जमकर हंगामा किया। आरोपी ने दरवाजा पीटते हुए गाली-गलौज की और महिला के देवर को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद चाकू लहराते हुए महिला की ओर हमला करने के लिए दौड़ा। महिला ने घर के भीतर भागकर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। घटना के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।

शंकर नगर निवासी रानी बर्मन ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे वह घर का दरवाजा बंद कर ऊपरी मंजिल स्थित अपने कमरे में चली गई थीं। कुछ देर बाद नीचे से जोर-जोर से दरवाजा पीटने और गाली-गलौज करने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर वह नीचे पहुंचीं तो एनई कॉलोनी निवासी गुलशन हटले हाथ में धारदार चाकू लेकर खड़ा था।

आरोप है कि गुलशन ने महिला से गाली-गलौज करते हुए उसके देवर गजेंद्र बर्मन को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने चाकू लहराया और महिला की ओर हमला करने के लिए दौड़ा। महिला जान बचाने के लिए घर के अंदर भागी और दरवाजा बंद कर लिया। इस दौरान आरोपी ने घर में तोड़फोड़ भी की।

घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी गुलशन हटले की तलाश कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *