बुजुर्ग की मौत सरगुजा रेंज के आरआई की कार से, जांच में हुआ खुलासा
रतनपुर के मदनपुर में 7 अगस्त की रात हादसा
तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे 71 वर्षीय बुजुर्ग को मारी टक्कर
बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र में सड़क हादसे में बुजुर्ग की मौत के मामले की जांच में सामने आया है कि दुर्घटना में शामिल कार सरगुजा रेंज में पदस्थ पुलिस विभाग के एक रक्षित निरीक्षक (आरआई) की है। हादसा 7 अगस्त की रात ग्राम मदनपुर स्थित बजरंग ढाबा के पास एनएच-130 पर हुआ था। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तखतपुर क्षेत्र के ग्राम अमोरा निवासी परसराम साहू (71) अपने रिश्तेदार नरेंद्र कुमार साहू के साथ बाइक से रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। रात करीब 9:30 बजे दोनों मदनपुर के बजरंग ढाबा के पास पहुंचे। परसराम ने बाइक सड़क किनारे खड़ी की और पैदल सड़क पार करने लगे। इसी दौरान रतनपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार सीजी 03 ए 1227 के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी।
सिर में गंभीर चोट, मौके पर मौत
टक्कर इतनी जोरदार थी कि परसराम उछलकर सड़क पर जा गिरे। उनके सिर में गंभीर चोट आई और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद साथ मौजूद नरेंद्र साहू ने रतनपुर थाने पहुंचकर पुलिस को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और दुर्घटना में शामिल कार के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि कार सरगुजा रेंज में पुलिस विभाग में रक्षित निरीक्षक के पद पर पदस्थ अधिकारी की है। अधिकारी किसी काम से रायपुर की ओर जा रहे थे, इसी दौरान हादसा होने की जानकारी सामने आई है।
रतनपुर पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों, वाहन की गति और चालक की लापरवाही समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।