बवाल के दौरान कई राउंड फायरिंग करता वीडियो आया सामने सोहेल,बवाल की रात एयरगन से हवाई फायरिंग का सीसीटीवी फुटेज वायरल

सोहेल के घर से एयर पिस्टल और देसी कट्टा बरामद
बिलासपुर। 28 अगस्त की रात शहर में हुए सांप्रदायिक बवाल के बाद पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। दो गुट के बीच हुए विवाद, पथराव और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने निगरानी बदमाश मोहम्मद मुस्तकीम उर्फ सोहेल खान समेत उसके गुट के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुधवार को पुलिस ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी छह आरोपियों का कोतवाली थाना से सदर बाजार तक पैदल जुलूस निकाला। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से देर शाम उन्हें रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने सोहेल खान के साथ अब्दुल रज्जाक मकवाना, अरबाज खान, नुमान अली, शेख सुल्तान और मोहम्मद मुस्तकीन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों से पूरी रात पूछताछ की। पूछताछ और निशानदेही के आधार पर सोहेल के घर से एक एयर पिस्टल और देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।

हवाई फायरिंग करते सीसीटीवी में कैद हुआ सोहेल
मामले में सबसे अहम खुलासा उस सीसीटीवी फुटेज से हुआ है, जिसमें सोहेल खान एयर गन से हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। घटना के दौरान एक महिला उसे रोकने का प्रयास करती हुई भी वीडियो में दिखाई दे रही है। यह फुटेज सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।इसमें सबसे खास बात यह है कि गिरफ्तारी से पहले दिए गए एक मीडिया इंटरव्यू में सोहेल ने खुद को घटना से पूरी तरह अलग बताया था। उसने दावा किया था कि 28 अगस्त की रात वह घर से बाहर ही नहीं निकला था और उसके परिवार ने भी उसे घर से बाहर जाने नहीं दिया था। उसने खुद को विवादों से दूर रहने वाला व्यक्ति बताते हुए यह भी कहा था कि उसने कभी सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की और न ही किसी विवाद में शामिल रहा है। पुलिस के अनुसार सोहेल के खिलाफ पहले से करीब 20 मामले दर्ज हैं। अब घटना की रात का सामने आया सीसीटीवी फुटेज और उसके घर से हुई हथियारों की बरामदगी पुलिस जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य माने जा रहे हैं।
पुलिस कार्रवाई और सामने आए वीडियो ने घटना की रात सोहेल की भूमिका को लेकर चल रहे दावों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ऐसे में पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और बरामद हथियारों समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
अब तक 20 आरोपी जेल भेजे गए
28 अगस्त की रात हुए विवाद के बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। पुलिस ने मामले में दोनों गुटों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक कुल 20 आरोपियों को जेल भेजा है। इनमें सोहेल गुट के 17 आरोपी और हिन्दू गुट के तीन आरोपी शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बना रही है।
राम सिंह और उसके भाई के घर पुलिस की दबिश
वही मामले में शामिल बताए जा रहे ठाकुर राम सिंह और उसके साथियो की तलाश में पुलिस ने देर रात उनके घरों पर दबिश दी। पुलिस ने दोनों स्थानों की तलाशी ली, लेकिन वहां कोई आरोपी नहीं मिला। राम सिंह की तलाश में रायपुर में भी पुलिस की टीम सक्रिय है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिस को आशंका है कि राम सिंह और उसके साथी बिलासपुर, रायपुर अथवा आसपास के अन्य जिलों के ग्रामीण इलाकों में छिपे हो सकते हैं। इसे देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
राम सिंह ने वीडियो जारी कर आत्मसमर्पण की बात कही
दूसरी तरफ ठाकुर राम सिंह ने एक वीडियो जारी कर जल्द आत्मसमर्पण करने की बात कही है। वीडियो में उन्होंने कहा कि वे अवैध धर्मांतरण, लव जिहाद और हिन्दू हित से जुड़े मुद्दों के लिए आवाज उठाते रहे है और इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। राम सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि उसका अपराध न होते हुए भी उसे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ 28 अगस्त की रात हुए पूरे घटनाक्रम में प्रत्येक आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है। सोहेल की गिरफ्तारी,सीसीटीवी में हवाई फायरिंग का वीडियो और उसके घर से एयर पिस्टल व देसी कट्टे की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब फरार आरोपियों पर भी शिकंजा कसता जा रहा है।
वर्जन
फरार अन्य आरोपियों की तलाश सरगर्मी से जारी है।ठिकाने पर दबिश देकर खोजबीन की जा रही है।इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल नम्बर काल डिटेल के आधार पर गिरफ्तारी हो रही है।
पंकज कुमार पटेल
एएसपी सिटी