सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा को नमन करते हुए हर घर जलाएं आशीर्वाद का दीप
बिलासपुर – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर जिला ग्रामीण भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित हुई। कार्यशाला में उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। वही केंद्रीय मंत्री तोखन साहू और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, ने भी कार्यशाला को संबोधित किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि 17 सितंबर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है। वहीं 7 अक्टूबर 2001 को उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की शुरुआत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लगातार 25 वर्षों तक अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा काल को जन-जन तक पहुंचाने और उनके सेवा कार्यों को याद करने के उद्देश्य से देशभर में एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अरुण साव ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री मोदी की सेवा को नमन करते हुए घर-घर और संस्थानों में दीप जलाए जाएंगे। यह दीप उनके प्रति आशीर्वाद और सम्मान का प्रतीक होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान के दौरान सेवा कार्यों को प्राथमिकता देने तथा केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों तक पहुंचकर उन्हें योजनाओं का लाभ याद दिलाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सपनों का भारत, नमो सेवा गाथा, आंगन उत्सव, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा में मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान और रंगोली सहित 13 प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश में भ्रष्टाचार और घोटालों के कारण आम जनता में निराशा का वातावरण था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश में व्यापक और युगांतकारी परिवर्तन हुआ। उन्होंने कहा कि कमजोर अर्थव्यवस्था में सुधार के साथ भारत आज दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। कोरोना संकट के दौरान भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने प्रभावी ढंग से संकट का सामना किया। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है तथा गरीबों के लिए आवास, निःशुल्क उपचार, किसानों को सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं का लाभ देशवासियों को मिल रहा है।
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आम जनता के सपनों को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य इन सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा की भावना के साथ कार्य करना है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संगठन की ओर से देवरीखुर्द मंडल अध्यक्ष रवि बरगाह और करगी कला मंडल अध्यक्ष भोजेश रजक को सम्मानित किया।
जनसेवा को समर्पित है भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता, सेवा संकल्प अभियान से समाज के हर वर्ग तक पहुंचेंगे : तोखन साहू
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता केवल संगठन का सदस्य नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने वाला सेवक है। सेवा और समर्पण भाजपा की कार्यसंस्कृति की पहचान है और इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सेवा संकल्प अभियान को व्यापक रूप दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर शुरू होने वाला यह अभियान हमारे लिए सेवा का अवसर है। हम सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प लेना है कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम बनाएंगे।
तोखन साहू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर तक पहुंचें तथा जरूरतमंदों के बीच सेवा कार्य करें। समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों को शासन की योजनाओं से जोड़ने में भी कार्यकर्ता अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से बढ़ती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ अभियान में जुटे। हमारा प्रयास होना चाहिए कि सेवा संकल्प अभियान केवल एक महीने का कार्यक्रम न रहकर समाज में निरंतर सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करने वाला जनअभियान बने।
तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास और जनकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में हम सभी का दायित्व है कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं तथा जरूरतमंद लोगों को उनका लाभ दिलाने में सहयोग करें।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि हमारा संकल्प स्पष्ट हो—सेवा के लिए आगे बढ़ना है, समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है और जनकल्याण के कार्यों को नई गति देनी है। पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ किया गया प्रत्येक सेवा कार्य संगठन को मजबूत करने के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बनेगा।
राष्ट्रवाद भाजपा कार्यकर्ता का मूल मंत्र : सुशांत शुक्ला
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि यह सुखद संयोग है कि सृष्टि के रचयिता भगवान विश्वकर्मा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस एक ही दिन है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल उद्देश्य राष्ट्रवाद है—राष्ट्र पहले और बाकी सब बाद में। छोटे से लेकर बड़े तक प्रत्येक भाजपा कार्यकर्ता में राष्ट्रवाद की भावना गुरुमंत्र के रूप में विद्यमान है।उन्होंने कहा कि भाजपा का इतिहास किसी एक व्यक्ति केंद्रित नहीं, बल्कि सामूहिक विचार, संगठन और कार्यकर्ताओं के समर्पण पर आधारित है। विधायक शुक्ला ने कार्यकर्ताओं से पार्टी की पंच निष्ठा का पालन करते हुए सेवा संकल्प अभियान को प्रभावी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने गरीब और जरूरतमंद लोगों तक केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की जनसेवा से लोगों को अवगत कराने पर जोर दिया।
भाजपा कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान को जनअभियान बनाएं, बूथ स्तर तक सेवा का संदेश पहुंचाएं : मोहित जायसवाल
जिला अध्यक्ष
मोहित जायसवाल ने संगठनात्मक कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचना है। कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ सेवा कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाएं। उन्होंने अभियान को जनअभियान बनाने का आह्वान किया।
कार्यशाला में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा, कार्ययोजना और संगठनात्मक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।वही इस सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला में प्रमुख रूप से एस.डी बड़गईया प्रदेश कार्यसमिति प्रदेश प्रभारी एनजीओ
अभिषेक शुक्ला संभाग सह प्रभारी, मोहित जायसवाल जिला ग्रामीण अध्यक्ष,जिला महामंत्री एस कुमार मनहर,जिला महामंत्री जनक राम देवांगन, राज्यवर्धन कौशिक जिला उपाध्यक्ष, राजेश कश्यप जिला उपाध्यक्ष, अवधेश अग्रवाल जिला उपाध्यक्ष, विजयधर दीवान जिला कार्यसमिति सदस्य, धीरेंद्र दुबे जिला अध्यक्ष किसान मोर्चा, प्रणव शर्मा जिला मंत्री, ऋषभ चतुर्वेदी युवा मोर्चा ग्रामीण जिला अध्यक्ष, साथ ही जिले के अन्य मोर्चे के समस्त पदाधिकारियों सहित जिले के ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र कोटा,बेलतरा,मस्तूरी क्षेत्र के 14 मंडलों के अध्यक्ष,महामंत्री, जिला पंचायत सदस्य,जनपद पंचायत सदस्य, नगर पालिका नगर पंचायत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पार्षद,सरपंच, पंच सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।