तीन नोटिस के बाद भी दस्तावेज नहीं दिए
सरकारी जमीन पर बना अवैध निर्माण निगम ने तोड़ा
बिलासपुर। बंधवापारा स्थित सतबहनिया मंदिर के पास शासकीय भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने सोमवार को कार्रवाई की। जोन क्रमांक-8 और अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया।
निगम के अनुसार सतबहनिया मंदिर बंधवापारा निवासी रंजीत कश्यप द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर निर्माण किया जा रहा था। मामला सामने आने के बाद निगम ने निर्माणकर्ता को तीन बार नोटिस जारी कर निर्माण की वैधता से संबंधित दस्तावेज और जवाब प्रस्तुत करने का अवसर दिया था।अधिकारियों के मुताबिक निर्धारित समय में न तो संबंधित व्यक्ति ने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए और न ही संतोषजनक जवाब दिया। पर्याप्त अवसर दिए जाने के बाद निगम की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर बिना अनुमति या वैध दस्तावेज के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।