Blog

मस्तूरी में किराना दुकान का ताला तोड़कर चोरी,सीसीटीवी में कैद हुए दो आरोपी

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक किराना दुकान को निशाना बनाकर सिगरेट, गुटखा और नकदी समेत करीब 50 हजार रुपये कीमत का मोबाइल चोरी कर लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें रात के समय दो व्यक्ति दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसते नजर आ रहे हैं। शिकायत पर मस्तूरी पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मस्तूरी, अंबेडकर चौक निवासी कुलदीप कुमार कुर्रे किराने की दुकान चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 5 सितंबर को वह अपने ससुराल जयरामनगर पाराघाट गए थे। अगले दिन 6 सितंबर की सुबह करीब 7 बजे घर लौटने के बाद जब दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा हुआ मिला।

दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर सिगरेट, राजश्री, विमल के पैकेट, गुल्ले की रकम, डिब्बे में रखे पैसे और एक रियलमी 10 प्रो मोबाइल गायब मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। फुटेज में 6 सितंबर की रात करीब 1 से 2 बजे के बीच दो अज्ञात व्यक्ति दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करते और सामान व नकदी लेकर जाते दिखाई दिए। आसपास पूछताछ के बाद भी आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गए मोबाइल की कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई गई है। कुलदीप ने तलाश के बाद 9 सितंबर को मस्तूरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने धारा 3(5), 303(2) और 331 (4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास शुरू कर दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *