चाकू से वार कर फरार आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने धारदार हथियार किया जब्त

बिलासपुर । सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में चाकू से वार कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कृष्णा ध्रुव पर 6 सितंबर को मारपीट के दौरान प्रार्थी पर चाकू से हमला करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया है।
आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चाकूबाजी के मामले में फरार आरोपी कृष्णा ध्रुव नयापारा इलाके में मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 21 वर्षीय आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ और कार्रवाई के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं। आरोपी कृष्णा ध्रुव, वार्ड नंबर 9 नयापारा का निवासी है, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। सिरगिट्टी पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशाखोरी, चाकूबाजी या सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।