तिफरा ओवरब्रिज के नीचे चाकू लहराकर दहशत फैलाने का आरोप, युवक गिरफ्तार

बिलासपुर । सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने धारदार चाकू के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी तिफरा ओवरब्रिज के नीचे हाथ में चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चाकू बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।
आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस द्वारा थाना क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि तिफरा ओवरब्रिज के नीचे एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर लोगों को धमका रहा है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी देवा दिवाकर उर्फ गोलू को हिरासत में लिया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी देवा दिवाकर उर्फ गोलू, उम्र 30 वर्ष, निवासी भगत सिंह आजाद नगर तिफरा कुंदरापारा के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, नशाखोरी या हथियार लेकर घूमने वाले लोगों की सूचना तत्काल पुलिस को दें।