हिर्री पुलिस की असामाजिक तत्वों पर सख्ती….4 आरोपियों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

बिलासपुर । हिर्री थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग के दौरान चार लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।
हिर्री पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में असामाजिक गतिविधियों और अड्डेबाजी पर नजर रखी जा रही है। पुलिस टीम ने मोहदा, भोजपुरी टोल प्लाजा समेत अन्य चिन्हांकित स्थानों पर लगातार चेकिंग की। इस दौरान उमरिया निवासी अरुण दिव्य, उमेश कोसले और आशीष बंजारे, जबकि मोहदा निवासी अजय निषाद के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया है। हिर्री पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में अशांति फैलाने, नशाखोरी करने या सार्वजनिक स्थानों पर बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम लोगों से ऐसे असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।