Blog

जंगल और वन्यजीवों की रक्षा में शहीद हुए वनकर्मियों को किया नमन..

राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर बिलासा ताल स्थित शहीद स्मारक में श्रद्धांजलि, वन संरक्षण का लिया संकल्प..

बिलासपुर। जंगल, वन्यजीव और प्राकृतिक संपदा की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वनकर्मियों को राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कोनी स्थित वसुंधरा उद्यान, बिलासा ताल के शहीद स्मारक में वन विभाग की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर वनकर्मियों को नमन किया।

कार्यक्रम में मुख्य वन संरक्षक (प्रादेशिक) मनोज पाण्डे और मुख्य वन संरक्षक (वन्यप्राणी) प्रियंका पाण्डे विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने वन शहीदों को याद करते हुए उनके त्याग और साहस को नमन किया।

कर्तव्य निभाते हुए दिया सर्वोच्च बलिदान..

वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा का काम कई बार बेहद कठिन परिस्थितियों में करना पड़ता है। जंगलों में गश्त, वन अपराधों पर कार्रवाई और वन्यजीवों की सुरक्षा के दौरान कई वनकर्मियों ने अपने कर्तव्य को निभाते हुए जान गंवाई है। इन वन शहीदों का साहस और कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा विभाग के सभी कर्मचारियों के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि वन शहीदों का बलिदान हमें यह याद दिलाता है कि जंगल और पर्यावरण की सुरक्षा केवल वन विभाग की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। प्राकृतिक संसाधनों को बचाने के लिए सभी को अपनी भूमिका निभानी होगी।

वन और वन्यजीवों की सुरक्षा का लिया संकल्प..

राष्ट्रीय वन शहीद दिवस के अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि जंगलों को सुरक्षित रखना, वन्यजीवों की रक्षा करना और प्राकृतिक संसाधनों को बचाना विभाग की प्राथमिकता है।

अधिकारियों ने कहा कि वन शहीदों की याद में आयोजित यह दिवस केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने और प्रकृति की रक्षा के लिए अपनी जिम्मेदारी को याद करने का दिन भी है।

आने वाली पीढ़ियों को भी मिलेगा संदेश..

कार्यक्रम में कहा गया कि वन शहीदों का जीवन और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने जिस साहस और जिम्मेदारी के साथ जंगलों की रक्षा की, उसे हमेशा याद रखा जाएगा।

कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों और कर्मचारियों ने वीर वन शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *