सेल्फी का शौक पड़ा भारी, एक को बचाने नदी में कूदे दो छात्र,तेज बहाव में तीनों लापता,हसदेव नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे थे 8 छात्र-छात्राएं, तलाश जारी

बिलासपुर। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी में शुक्रवार दोपहर पिकनिक मनाने पहुंचे चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राओं के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब सेल्फी लेने के दौरान तीन छात्र हसदेव नदी के तेज बहाव में बह गए। घटना के बाद से तीनों छात्र लापता हैं। पुलिस और नगर सैनिक गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के चौकसे कॉलेज के 8 छात्र-छात्राएं, जिनमें 4 छात्र और 4 छात्राएं शामिल थे, शुक्रवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच ग्राम देवरी में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ छात्र हसदेव नदी के किनारे सेल्फी ले रहे थे।बताया जा रहा है कि सेल्फी लेने के दौरान मुरारी साहू, पवन लाल और सचिन सिंह नदी के किनारे मौजूद थे। इसी बीच एक छात्र का पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दोनों अन्य छात्र भी नदी में कूद गए। तेज बहाव के कारण तीनों छात्र नदी में बह गए और इसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका।घटना की सूचना मिलते ही बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं नगर सैनिक गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया है। गोताखोरों ने नदी में लापता तीनों छात्रों की तलाश शुरू कर दी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के संबंध में मौके पर मौजूद अन्य छात्र-छात्राओं से जानकारी ली जा रही है। नदी के तेज बहाव को देखते हुए रेस्क्यू टीम सावधानी के साथ सर्च ऑपरेशन चला रही है।