Blog

आगामी त्यौहारों के मद्देनजर निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की सघन चेकिंग

सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों की एसएसपी कार्यालय में चेकिंग कर आय के स्रोत, संपत्ति एवं आवागमन,घूमने-फिरने के स्थानों की ली गई जानकारी

बिलासपुर/मुंगेली /जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने तथा गणेश चतुर्थी एवं आगामी त्यौहारों के दौरान जिले में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसएसपी भोजराम पटेल ने मुंगेली के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों, गुंडा बदमाशों एवं गैंग हिस्ट्रीशीटरों की नियमित एवं सघन चेकिंग करने के लिए निर्देशित किया गया है।

उक्त निर्देश के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जिला मुंगेली डॉ. प्रशांत शुक्ला द्वारा थाना सिटी कोतवाली मुंगेली क्षेत्र के 12 गुंडा बदमाशों की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान सभी बदमाशों से उनकी आय के स्रोत, चल अचल संपत्ति, वर्तमान गतिविधियों, आवागमन एवं घूमने-फिरने के स्थानों सहित अन्य आवश्यक जानकारी ली गई। उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने की स्पष्ट हिदायत दी गई। साथ ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी से कड़ी वैधानिक कार्यवाही किए जाने की चेतावनी दी गई।

इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी निगरानी एवं गुंडा बदमाशों की चेकिंग की गई।जिसमे थाना लोरमी: 4 निगरानी बदमाश, 15 गुंडा बदमाश एवं 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर, कुल 23 बदमाशों की चेकिंग।
थाना जरहागांव: 01 निगरानी बदमाश एवं 01 गुंडा बदमाश की चेकिंग। थाना लालपुर: 02 गुंडा बदमाशों की चेकिंग। थाना चिल्फी: 02 निगरानी बदमाश एवं 01 गुंडा बदमाश की चेकिंग।अन्य थाना क्षेत्र: 01 निगरानी बदमाश एवं 02 गुंडा बदमाशों की चेकिंग।
इस प्रकार जिले में कुल 8 निगरानी बदमाश, 33 गुंडा बदमाश एवं 04 गैंग हिस्ट्रीशीटर सहित कुल 45 बदमाशों की चेकिंग की गई। सभी को आगामी त्यौहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने तथा पुलिस के निर्देशों का पालन करने की स्पष्ट हिदायत दी गई।


मुंगेली पुलिस द्वारा आगामी त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *