बगबुडवा में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा,4 आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर/मुंगेली/घर में सो रहे परिवार के घर घुसकर सोने चांदी के जेवरात पर नगदी रकम पर हाथ साफ करने वाले आरोपियों को पथरिया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।पकड़े गए चारों आरोपियों के पास से चोरी का माल बरामद कर लिया गया है।
दरअसल प्रार्थी दिलहरण मरावी बगबुडवा, पथरिया ने थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया कि कोई चोर उसके घर में घुसकर कमरे के अंदर आलमारी में रखे 7 नग सोने के लॉकेट एवं 1 नग चांदी की सकरी, कुल कीमती 48,000 रुपये, तथा गुल्लक पेटी में रखे नगदी 27,000 रुपये, कुल 75,000 रुपये की संपत्ति चोरी कर ले गया है। रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
एसएसपी भोजराम पटेल ने प्रकरण में चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी एवं अज्ञात आरोपी की खोजबीन कर कार्यवाही करने के लिए निर्देशित किया। जिसके परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला मुंगेली डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया पुलिस टीम गठित कर चोरी गई संपत्ति की बरामदगी एवं आरोपियों की खोजबीन के लिए अलग-अलग कार्य विभाजित कर टीमों को रवाना किया गया।
खोजबीन के दौरान विभिन्न पहलुओं पर विवेचना की गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बगबुडवा निवासी संदेही ईश्वर मरावी सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना पर संदेही ईश्वर मरावी को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपने साथी कैफ खान, असरफ खान एवं सुभान खान के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस टीम द्वारा ग्राम बगबुडवा निवासी कैप खान, सुभान खान एवं अशरफ खान को हिरासत में लेकर पृथक-पृथक पूछताछ की गई। पूछताछ में सभी आरोपियों द्वारा अपराध करना स्वीकार किया गया।
आरोपियों के कब्जे से ईश्वर मरावी से 3 नग सोने के लॉकेट एवं नगदी 13,000 रुपये, कैप खान से 04 नग सोने के लॉकेट, सुभान खान से 01 नग चांदी की सकरी तथा अशरफ खान से चोरी की नगदी 3,500 रुपये, इस प्रकार कुल 07 नग सोने के लॉकेट, 01 नग चांदी की सकरी कीमती 48,000 रुपये एवं नगदी 16,500 रुपये, कुल 64,500 रुपये की चोरी गई संपत्ति मौके पर बरामद किया गया।
पुलिस ने चोरी की घटना में शामिल ईश्वर मरावी,कैप खान, सुभान खान और अशरफ खान सभी निवासी बगबुडवा पथरिया, मुंगेली को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया है।