बर्तन चमकाकर भरोसा जीता,फिर सोने के जेवर लेकर हुए फरार

बिलासपुर । मंगला स्थित दीनदयाल कॉलोनी में जेवर चमकाने के बहाने दो महिलाओं से ठगी का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों ने पहले बर्तन साफ कर महिलाओं का भरोसा जीता और फिर सोने के जेवर चमकाने के नाम पर गहने लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक घर-घर पहुंचकर बर्तन और जेवर साफ करने की बात कह रहे थे। महिलाओं के घर पहुंचकर उन्होंने पहले स्टील के बर्तन चमकाकर दिखाए। इसके बाद चांदी और सोने के जेवर साफ करने का झांसा दिया। महिलाओं ने सोने की चेन और बालियां उन्हें दे दीं। आरोपियों ने बर्तन में पानी और पेस्ट डालकर जेवर साफ करने का नाटक किया और इसी दौरान गहने लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद महिलाओं को जब शक हुआ तो बर्तन खोलकर देखा, लेकिन जेवर गायब थे।पीड़ित स्मृति तिवारी के मुताबिक करीब दो तोले की सोने की चेन और लगभग 32 ग्राम की बालियां चोरी हुई हैं। दूसरी महिला के भी जेवर लेकर आरोपी फरार हुए हैं। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और सीसीटीवी टीम मौके पर पहुंची। पूरे जिले में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद कॉलोनी में हड़कंप मचा हुआ है।