छत्तीसगढ़ में कैंसर उपचार को मिली नई मजबूती,रायपुर में एक ही छत के नीचे जांच से उन्नत इलाज तक सुविधा….डॉक्टर्स बोले,कैंसर से हारना नहीं है बल्कि कैंसर को हराना है….

बिलासपुर – छत्तीसगढ़ में बढ़ते कैंसर के मामलों के बीच रामकृष्ण केयर कैंसर इंस्टीट्यूट, रायपुर ने राज्य में व्यापक कैंसर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की है। इंस्टीट्यूट में कैंसर की स्क्रीनिंग और शुरुआती जांच से लेकर सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट और उपचार के बाद फॉलो-अप तक की सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे मरीजों को इलाज के लिए महानगरों का रुख करने की जरूरत कम होगी। बिलासपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में संस्थान के वरिष्ठ कैंसर विशेषज्ञों ने बताया कि वर्ष 2025 में छत्तीसगढ़ में करीब 31,553 नए कैंसर मामलों का अनुमान था, जबकि 2024 में यह आंकड़ा करीब 30,763 रहा। चिकित्सकों ने कैंसर से बचाव के साथ जागरूकता, नियमित स्क्रीनिंग और बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान को सबसे महत्वपूर्ण बताया।

वरिष्ठ मेडिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. रवि जायसवाल ने कहा कि कैंसर उपचार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव आया है और अब बीमारी के प्रकार व स्टेज के आधार पर कई उपचार विकल्प उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआती पहचान से उपचार अधिक प्रभावी होने की संभावना बढ़ती है। उन्होंने लोगों से गंभीर लक्षण आने का इंतजार नहीं करने और चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की। विशेषज्ञों के अनुसार परिवार में कैंसर का इतिहास, तंबाकू सेवन तथा अन्य जोखिम कारकों वाले लोगों को अपनी उम्र और जोखिम के अनुसार स्क्रीनिंग के संबंध में चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। शरीर में असामान्य गांठ या सूजन, बिना वजह वजन कम होना, असामान्य रक्तस्राव, आंत या मूत्राशय की आदतों में बदलाव और लंबे समय तक रहने वाली खांसी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चिकित्सकों ने HPV और हेपेटाइटिस-बी जैसे संक्रमणों से संबंधित कैंसर की रोकथाम में टीकाकरण की भूमिका पर भी जोर दिया।
क्लिनिकल डायरेक्टर एवं सीनियर सर्जिकल ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. माँ रॉय ने कहा कि शुरुआती स्टेज में कैंसर की पहचान होने पर उपचार अधिक प्रभावी हो सकता है और कई मामलों में कम व्यापक उपचार की आवश्यकता पड़ती है।
गांव-कस्बों तक पहुंचेगी स्क्रीनिंग सुविधा
कैंसर की शुरुआती पहचान को समुदायों तक पहुंचाने के लिए रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल जल्द ही समर्पित मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग वाहन शुरू करेगा। इसके जरिए छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों और कस्बों में मुख्य रूप से ब्रेस्ट, ओरल कैंसर समेत अन्य उपयुक्त कैंसर की स्क्रीनिंग और जागरूकता गतिविधियां की जाएंगी। इंस्टीट्यूट में मेडिकल, सर्जिकल और रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के साथ न्यूक्लियर मेडिसिन और उन्नत डायग्नोस्टिक सेवाएं उपलब्ध हैं। Versa HD Linear Accelerator के माध्यम से IGRT, SRS और SBRT जैसी आधुनिक रेडिएशन तकनीकों का उपयोग किया जा सकता है। PET-CT, कीमोथेरेपी, बोन मैरो ट्रांसप्लांट तथा मल्टीडिसिप्लिनरी ट्यूमर बोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध है। विशेषज्ञों का कहना है कि संयुक्त विशेषज्ञ राय से जटिल मामलों में मरीज के लिए उपचार की बेहतर रणनीति तैयार करने में मदद मिलेगी।