Blog

गणेश उत्सव को लेकर रतनपुर पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक में समितियों को दिए जरूरी दिशा-निर्देश

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। आगामी गणेश उत्सव एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रतनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, पत्रकार, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, सरपंच, पंच सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, गणेश पंडालों की निगरानी तथा विसर्जन कार्यक्रम को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नायब तहसीलदार ऋषभ सिंह एवं थाना प्रभारी निलेश पांडे ने गणेश उत्सव समितियों से शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
थाना प्रभारी निलेश पांडे ने विशेष रूप से डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों को लेकर समितियों को समझाइश दी। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार से ध्वनि सीमा एवं निर्धारित नियमों का उल्लंघन नहीं होना चाहिए। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम संपन्न कराने की बात कही गई।
उन्होंने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान रतनपुर पुलिस द्वारा गणेश पंडालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के साथ लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस टीम क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सभी समितियों से आपसी भाईचारा, सद्भाव और शांति बनाए रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई। साथ ही गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *