Blog

सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर भाजयुमो बिलासपुर ग्रामीण की बैठक सम्पन्न

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर स्व.दिलीप सिंह जूदेव सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल कोनी में होगा विशाल रक्तदान शिविर

बिलासपुर।देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनकी राष्ट्र एवं जनसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक देशभर में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण की आवश्यक बैठक जिला भाजपा कार्यालय में सम्पन्न हुई।


बैठक में मंडल प्रभारियों, सहप्रभारियों, मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों सहित युवा मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अभियान को प्रभावी एवं व्यापक रूप से सफल बनाने के लिए कार्यक्रमों की रूपरेखा, दायित्व एवं तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
भारतीय जनता युवा मोर्चा बिलासपुर ग्रामीण द्वारा 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कोनी स्थित स्व. दिलीप सिंह जूदेव सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। युवा मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा अधिक से अधिक युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए इस जनसेवा के अभियान को व्यापक स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण के प्रति समर्पण की प्रेरणादायी यात्रा है।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा और सहयोग की भावना के साथ पहुंचेंगे। उन्होंने अभियान के तहत आयोजित होने वाले 13 प्रमुख कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी पदाधिकारियों से प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।
भाजपा जिला महामंत्री यश कुमार मनहर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और सामाजिक सरोकार उसके कार्य का मूल आधार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित यह अभियान युवाओं को सेवा के संकल्प से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को प्रत्येक कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाते हुए अभियान को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।
भाजपा जिला मंत्री प्रणव शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में देश के विकास और गरीब, किसान, युवा एवं महिला सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया है। सेवा संकल्प अभियान उनके इसी सेवाभावी जीवन के प्रति जनता और कार्यकर्ताओं की कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ अभियान के कार्यक्रमों को सफल बनाएं।
भाजयुमो बिलासपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष ऋषभ चतुर्वेदी ने कहा कि युवा मोर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा और संकल्प के पर्व के रूप में मनाएगा। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को कोनी स्थित स्व. दिलीप सिंह जूदेव सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में आयोजित होने वाला विशाल रक्तदान शिविर युवाओं की जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनेगा। उन्होंने मंडल प्रभारियों, सहप्रभारियों, मंडल अध्यक्षों एवं महामंत्रियों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने मंडलों में अधिक से अधिक युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करें और सेवा संकल्प अभियान को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएं।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए मंडलवार तैयारियों, कार्यकर्ताओं की सहभागिता तथा संगठनात्मक समन्वय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस को सेवा कार्यों के माध्यम से सार्थक बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर मोहित जायसवाल,राजेश कश्यप,राज्यवर्धन कौशिक,यह कुमार मनहर,प्रणव शर्मा,ऋषभ चतुर्वेदी,ललित यादव,तुषार चंद्राकर,ब्रजेश शर्मा,अनीश धीवर,भास्कर पटेल,अमन अग्रहरि,प्रवीण सोनकर,सूरज साहू,जयशंकर साहू,अंकित मिश्रा,हर्ष पटेल,अभिषेक साव,रितेश कलवानी,यश गौरहा,विवेक यादव,निलेश पाण्डेय,उदित सिंह,शिवराज साहू,शरद खैरवार,संदीप जायसवाल,बलवंत सिंह,राजू मानिकपुरी,विमल मानिकपुरी,मनीष कौशिक,सूर्य यादव,विकास साहू,बिट्टू कौशिक,वैभव तंबोली,गोयल साहू,विजय वस्त्रकार सहित समस्त भाजयुमो मंडल प्रभारी सहप्रभारी,मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्रीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *