गणेश उत्सव को लेकर बेलगहना पुलिस मुस्तैद, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर। आगामी गणेश उत्सव एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बेलगहना चौकी में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारी, सरपंच, पंच एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, गणेश पंडालों की निगरानी, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग तथा प्रतिमा विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बेलगहना चौकी प्रभारी व्यास नारायण बनाफर ने गणेश उत्सव समितियों को शासन-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की समझाइश दी।
चौकी प्रभारी ने डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों के निर्धारित मानकों का विशेष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि उत्सव के दौरान ध्वनि सीमा एवं अन्य नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में नहीं होना चाहिए। उन्होंने समितियों से जिम्मेदारी और अनुशासन के साथ धार्मिक आयोजन संपन्न कराने की अपील की।
विसर्जन के दौरान भी विशेष सतर्कता
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा व्यवस्था का पालन करने पर जोर दिया गया। पुलिस की ओर से समितियों को अपील की गई कि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित किया जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जाए।
पंडालों और संवेदनशील क्षेत्रों पर रहेगी पुलिस की नजर
गणेश उत्सव के दौरान पुलिस द्वारा गणेश पंडालों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।
बैठक में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से सभी समितियों और नागरिकों से आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं शांति बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध अथवा भ्रामक जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की बात कही गई।
पुलिस-प्रशासन ने गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी से सहयोग की अपील की।