मानसून की विदाई से पहले अंधड़-बिजली के साथ बारिश का अलर्ट
4 दिन बाद पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी की संभावना, बिलासपुर में अब तक 964.8 मिमी बारिश
बिलासपुर । जिले में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब विदाई की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 19 सितंबर से पश्चिमी राजस्थान से मानसून की वापसी का दौर शुरू होने की संभावना है। इसके ठीक 4 दिन पहले बिलासपुर जिले के कुछ इलाकों में मौसम बदलने और हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान तेज अंधड़ चलने के साथ आकाशीय बिजली गिरने का अलर्ट भी जारी किया गया है।
जिले में जून के अंतिम सप्ताह में मानसून ने दस्तक दी थी। इसके बाद अब तक 964.8 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। जिले की औसत वार्षिक बारिश 1215.6 मिमी है। इस लिहाज से औसत बारिश का करीब 80% कोटा पूरा हो चुका है। औसत आंकड़े तक पहुंचने के लिए अब भी 250.8 मिमी बारिश की जरूरत है।
14 सितंबर तक के आंकड़ों के मुताबिक जिले में सामान्य से करीब 1% कम बारिश हुई है। मानसून की विदाई की तारीख नजदीक आने के बीच अब जिले में बची बारिश का आंकड़ा मौसम की गतिविधियों पर निर्भर करेगा।
रायपुर समेत 14 जिलों से पीछे बिलासपुर
बारिश के मामले में प्रदेश के कई जिले इस बार बिलासपुर से आगे हैं। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बलरामपुर में सबसे ज्यादा 1480 मिमी बारिश दर्ज हुई है। इसके बाद बीजापुर में 1320.2, दंतेवाड़ा में 1230.5, गरियाबंद में 1147.1, नारायणपुर में 1141.3, सूरजपुर में 1128.7, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 1124, MCB में 1116.4 और जांजगीर-चांपा में 1108.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। बिलासपुर में 964.8 मिमी बारिश हुई है।