अभियंता राष्ट्र निर्माण में निभाते हैं महत्वपूर्ण भूमिका : कलेक्टर संजय अग्रवाल
,

सेवानिवृत्त अभियंताओं ने मनाया अभियंता दिवस
बिलासपुर/जल संसाधन परिसर स्थित प्रार्थना भवन में भारत रत्न सर मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती के अवसर पर अभियंता दिवस समारोह का आयोजन फोरम ऑफ रिटायर्ड डिप्लोमा इंजीनियर्स, छत्तीसगढ़, जिला समिति बिलासपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। छत्तीसगढ़ रत्न से सम्मानित बाल गायक मास्टर तनिष्क वर्मा ने सरस्वती वंदना तथा तेजस्विनी कन्या छात्रावास की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य अभियंता, हसदेव कछार, जल संसाधन विभाग बिलासपुर इं. एस.के. पाण्डेय ने की।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अभियंता जल, थल और नभ तीनों क्षेत्रों में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सर विश्वेश्वरैया के जीवन और कार्यों से सभी अभियंताओं, विशेषकर नवोदित अभियंताओं को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने फोरम के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी अनुभवी अभियंताओं की सक्रियता और अनुभव का लाभ जिले एवं प्रदेश को मिलना चाहिए। फोरम के संरक्षक इं. आर.पी. शुक्ला ने फोरम के प्रेरणास्रोत संघरत्न इंजी. सुरेंद्र सिंह टुटेजा का भावपूर्ण स्मरण करते हुए फोरम की सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संघरत्न इंजी. टुटेजा की स्मृति में 22 अप्रैल 2026 को सेंट्रल गुरुद्वारा, गोंडपारा को जनसेवार्थ शव वाहन एवं डीप फ्रीजर प्रदान किया गया है।
जिला समिति के सदस्य इं. आर.के. दीक्षित ने बताया कि वे फाउंडेशन फॉर एक्सीलेंस इंडिया ट्रस्ट से जुड़े हैं। उनके माध्यम से 400 निर्धन मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति दिलाई गई है, जिनमें 200 विद्यार्थी छत्तीसगढ़ के हैं। अध्यक्षीय उद्बोधन में मुख्य अभियंता इं. सुरेश कुमार पाण्डेय ने सभी अभियंताओं एवं मातृशक्ति को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सर विश्वेश्वरैया के जीवन, कृतित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित करते हुए उनकी प्रतिमा स्थापना के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर तेजस्विनी कन्या छात्रावास की 6 कन्याओं को एक वर्ष के लिए गोद लेने हेतु छात्रावास अधीक्षिका को चेक प्रदान किया गया। नेपाल बाढ़ आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए फोरम द्वारा 11 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा भी की गई। वरिष्ठ अभियंता इं. टी.आर. देवांगन का शाल एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। तेजस्विनी कन्या छात्रावास की अधीक्षिका श्रीमती सुलभा ताई ने फोरम द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए आभार व्यक्त किया और सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त अभियंता सपरिवार उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में इं. निर्मल शर्मा, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, आर.ई.एस., इं. आर.के. बंजारे, अधीक्षण अभियंता, जल संसाधन मंडल बिलासपुर तथा इं. संजय शर्मा, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता, पी.एम.जी.एस.वाई. उपस्थित रहे।