नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 167 मरीजों को मिला उपचार, 18 आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा बिलासपुर का सेवा एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान

बिलासपुर। अघोराचार्य महाराज बाबा किनाराम जी के पावन लोलार्क षष्ठी पर्व के अवसर पर श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा बिलासपुर द्वारा मानव सेवा की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सर्दी, खांसी, बुखार सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों की जांच की गई। इस दौरान कुल 167 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला और उन्हें नि:शुल्क दवाइयां प्रदान की गईं।
परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु की कृपा से कार्यक्रम का शुभारंभ शाखा के मंत्री श्री उमेश नारायण मिश्रा द्वारा अघोराचार्य महाराज बाबा किनाराम जी के श्री विग्रह पर माल्यार्पण, धूप-दीप प्रज्वलन, पूजन एवं आरती के साथ किया गया। तत्पश्चात सूक्ष्म प्रसाद का वितरण किया गया। सभागृह में डॉ. अर्पित वाजपेयी द्वारा परम पूज्य अघोरेश्वर भगवान राम एवं पूज्य गुरुपद संभवराम बाबा जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर पूजन-अर्चन एवं आरती की गई, जिसके बाद नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का विधिवत शुभारंभ हुआ।
स्वास्थ्य जांच के साथ नि:शुल्क दवाइयों का वितरण
शिविर में मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। स्वास्थ्य जांच के दौरान शुगर बी.पी. के 62, सिकेल सेल के 25, टीबी के 06 एवं हाई बी.पी. के 12 मरीज पाए गए। इसके अतिरिक्त सर्दी, खांसी एवं बुखार जैसी सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों ने भी शिविर का लाभ उठाया। मरीजों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियों एवं देखभाल संबंधी सुझाव दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधा के साथ-साथ शिविर में 18 नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए, जिससे पात्र हितग्राहियों को स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायता मिल सके।
चिकित्सकों एवं सहयोगियों का रहा महत्वपूर्ण योगदान
स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं सहयोगी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर श्री सुरेश चंद्र बंजारे, श्री चंद्रशेखर शुक्ला, डॉ. सिंड्रैला पाल, डॉ. मनोज श्रीवास, डॉ. संतोष बघेल, डॉ. अशोक दीक्षित, डॉ. आशुतोष पाण्डे, श्री घनश्याम तिवारी, श्री रवि पहवा, श्रीमती नेहा पहवा, श्रीमती अंजली साहू, श्री मनमोहन सिंह, श्रीमती सरोज शर्मा, श्री रोहित पटेल, श्री शाश्वत पवार, श्री गुलशन रजक, श्री राहुल मेरसा, श्रीमती सुलोचना भगत, सिद्धि थवाईत, श्रीमती रूपम मिंज, प्रीति साहू, नीता पनेर, अंजू राठौर, पूनम कश्यप, श्री सूरज दीवान, श्री बोधराम सहित मितानिन समन्वयकों का सहयोग रहा।
वहीं दवा वितरण व्यवस्था में श्री जितेन्द्र गुप्ता एवं श्री चंद्रभूषण पोर्ते का विशेष सहयोग रहा। सभी सहयोगियों के सामूहिक प्रयास से स्वास्थ्य शिविर व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।
महाप्रभु की जयंती पर उपस्थित होने की अपील
शाखा के मंत्री श्री उमेश नारायण मिश्रा ने बताया कि अगले दिन अघोरेश्वर महाप्रभु की जयंती का पर्व श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने आसपास के ग्रामीणजनों एवं ग्रामवासियों से अपील की कि महाप्रभु की जयंती के अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं तथा आयोजन को सफल बनाने में सहभागिता निभाएं।
श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा बिलासपुर द्वारा आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सेवा, सहयोग एवं जनकल्याण की भावना को समर्पित रहा।