Blog

श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा कोनी में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया 66वां स्थापना दिवस

पूजन-अर्चना, कलश यात्रा, प्रभात फेरी, विचार गोष्ठी एवं भंडारे का हुआ आयोजन

बिलासपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा कोनी, बिलासपुर का 66वां स्थापना दिवस सोमवार को अघोरपीठ आश्रम प्रांगण में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। स्थापना दिवस के अवसर पर दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें समूह से जुड़े सदस्यों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

समारोह की शुरुआत प्रातः 5 बजे आश्रम प्रांगण की साफ-सफाई एवं श्रमदान से हुई। इसके बाद सुबह 6 बजे नगर की जीवनदायिनी अरपा नदी से कलशों में जल भरकर सामूहिक जयघोष एवं संकीर्तन के साथ कलश यात्रा निकाली गई।

प्रातः 7 बजे कार एवं बाइक से प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी आश्रम प्रांगण से कोनी, सीपत चौक, नया पुल, नेहरू चौक, राजेंद्र नगर, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, गोलबाजार, सदर बाजार एवं देवकीनंदन चौक होते हुए पुराने पुल और सीपत चौक के रास्ते पुनः आश्रम प्रांगण पहुंची।

इसके पश्चात सुबह 9 बजे ध्वजारोहण, पावन सद्ग्रंथ सफल योनि का पाठ, पूजा-अराधना एवं आरती की गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं के बीच सूक्ष्म प्रसाद का वितरण किया गया।

स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह 11:30 बजे पारिवारिक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें समूह के उद्देश्य, सेवा कार्यों एवं सामाजिक सरोकारों पर विचार-विमर्श किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं एवं उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा सहित श्री सर्वेश्वरी समूह के सदस्य, श्रद्धालु एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम प्रांगण में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का वातावरण बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *