Blog

बारिश के बीच दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत,2 युवकों की मौत, 2 गंभीर

बिलासपुर। तेज बारिश के बीच सड़क पर दौड़ती दो बाइकों की एक जोरदार टक्कर ने दो घरों के चिराग बुझा दिए। पुड्डु गांव में रविवार की शाम कुछ पल में ही हंसी-खुशी मातम में बदल गई। 18 साल के संजीव पैकरा और विशेष कुमार पैकरा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनके साथ सवार अमन और रमन सिंह पैकरा गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंचाए गए। हादसे की खबर गांव में पहुंची तो परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। एक तरफ दो परिवार अपनों को खोने के सदमे में हैं, दूसरी ओर दो घायल जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं। रविवार की बारिश पुड्डु गांव के लिए ऐसी याद छोड़ गई, जिसे ये परिवार शायद कभी भुला नहीं पाएंगे।

दरअसल रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुड्डु में रविवार शाम हुई एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज बारिश के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने -सामने हुई जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रतनपुर थाना प्रभारी निलेश पांडेय के अनुसार रविवार शाम करीब 7 बजे ग्राम पुड्डु नवापारा निवासी संजीव पैकरा 17 वर्ष अपने साथी अमन पैकरा 20 वर्ष के साथ बाइक से जा रहा था। गांव से बाहर मुख्य मार्ग पर आवासपारा के पास बेलगहना की ओर से आ रही दूसरी बाइक से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीव पैकरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गया।
दूसरी बाइक ग्राम पुड्डु नवापारा निवासी विशेष कुमार 18 वर्ष चला रहा था। हादसे में उसकी भी मौके पर मौत हो गई। बाइक के पीछे बैठे रमन सिंह पैकरा को गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। रतनपुर पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर मरच्युरी भेज दिया है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हादसे की आवाज सुनकर दौड़े आसपास के लोग

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। कुछ ही देर में मृतकों और घायलों के परिजन भी वहां पहुंच गए। मौके का दृश्य बेहद मार्मिक था। ग्रामीणों ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस सहायता वाहन मौके पर पहुंचा और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल रवाना किया गया।लगातार बारिश के बीच हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। महज कुछ सेकंड की टक्कर ने दो युवाओं की जिंदगी छीन ली, जबकि दो अन्य युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं। पुड्डु गांव में रविवार रात मातम और सन्नाटे के बीच बीती।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *