Blog

रतनपुर में 238 छात्राओं को मिली साइकिल, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने पर दिया जोर, सम्मान पाकर खिले छात्राओं के चेहरे

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालय रतनपुर में छात्राओं को साइकिल वितरण, राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान छात्राओं के सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की 238 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्राओं के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मोहित जायसवाल एवं सुभाष अग्रवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद रतनपुर के अध्यक्ष लवकुश कश्यप ने की। विशिष्ट अतिथियों में दुर्गा कश्यप, सुनील जायसवाल, शीतल जायसवाल, रोहिणी बैसवाड़े, घनश्याम रात्र, ज्वाला कौशिक, नगर पालिका परिषद के पार्षद एवं एल्डरमेन, विधायक प्रतिनिधि रियाज अहमद खोखर, शाला विधायक प्रतिनिधि पुष्कांत कश्यप सहित विद्यालय परिवार, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, अभिभावक, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।
संस्था के प्राचार्य शरणजीत बग्गा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
238 छात्राओं को साइकिल वितरण
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। अतिथियों ने छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी तथा नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रविन्द्र दुबे ने विद्यालय का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। वहीं संस्था के प्राचार्य शरणजीत बग्गा ने विद्यालय में शिक्षकों की व्यवस्था एवं अन्य आवश्यकताओं से संबंधित समस्याओं को मांगपत्र के माध्यम से मंचासीन अतिथियों के समक्ष रखा।
राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान
समारोह में विद्यालय एवं क्षेत्र का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाली छात्राओं को स्मृति-चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विद्यालय की छात्राओं का राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना पूरे विद्यालय परिवार और रतनपुर के लिए गौरव की बात है।
मोहित जायसवाल ने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां पढ़ाई के साथ खेलों में भी अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों से भी उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
सुभाष अग्रवाल ने कहा कि सफलता के पीछे मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास महत्वपूर्ण होता है। राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचना खिलाड़ियों के कठिन परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय, परिवार और रतनपुर का नाम रोशन करने की बात कही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लवकुश कश्यप ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा और खेल दोनों का समान महत्व है। प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं।
बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का सम्मान
समारोह में बोर्ड कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभावान छात्राओं को भी स्मृति-चिह्न एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित छात्राओं में—
कक्षा 8वीं बोर्ड: कु. खुशी दुबे — 89.67%
कक्षा 10वीं बोर्ड: कु. विदेश्वरी पाठक — 94.17%
कक्षा 12वीं कला: कु. शिवांगी प्रजापति — 87.8%
कक्षा 12वीं साइंस: कु. अनुपूर्णा कहरा — 93.6%
कक्षा 12वीं कॉमर्स: कु. प्रिया पटेल — 94.6%
शामिल रहीं।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
विद्यालय की राष्ट्रीय स्तर पर चयनित छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें—
कु. सुभद्रा यादव — कक्षा 11वीं — कुश्ती
कु. अस्मिता गायकवाड़ — कक्षा 10वीं — कुश्ती
कु. काव्या यादव — कक्षा 9वीं — कुश्ती
कु. श्रीतू यादव — कक्षा 9वीं — कुराश
कु. दिव्या कश्यप — कक्षा 9वीं — टेबल टेनिस
को स्मृति-चिह्न एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का सफल संचालन सुशीला मौर्य, व्याख्याता ने किया। संस्था की प्रभारी प्रधान पाठक शीला रानी अग्रवाल सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *